कल लखनऊ के एकाना इंटरनेशनल स्टेडियम पर एक तूफ़ान आया और जीत की तरफ बढ़ रही पंजाब किंग्स की टीम को उड़ा ले गया। 10 ओवरों में बिना विकेट खोये सौ रन बनाने वाली पंजाब की टीम जीत की तरफ बड़े आश्वस्त भाव के साथ बढ़ रही तभी मयंक यादव नाम का मैदान में एक तूफ़ान आया और पंजाब की टीम उस तूफ़ान में उड़ गयी. मयंक ने कल रात जिस तेज़ रफ़्तार का प्रदर्शन किया वो अपने आप में अद्भुत नज़ारा था, एक भारतीय तेज़ गेंदबाज़ लगातार 150 के ऊपर गेंदबाज़ी कर रहा था, एक गेंद तो 155 तक चली गयी। इस तेज़ी में पंजाब किंग्स के जमे जमाये जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरण और जितेश शर्मा उड़ गए, मयंक के आने से पहले बेयरस्टो गेंदबाज़ों की पिटाई कर रहे थे लेकिन वो मयंक की तेज़ी के आगे हतप्रभ दिखाई दिए और अंत में विकेट गँवा बैठे। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे प्रभसिमरन ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले मगर वो भी मयंक यादव की तेज़ी का शिकार बने, जितेश शर्मा को पता ही नहीं चल रहा था कि गेंद कब उनके पास से निकल गयी, आखिर उन्होंने भी अपना बल्ला अड़ा कर चलते बनना ज़्यादा मुनासिब समझा क्योंकि वो लगातार डॉट गेंदे कर रहे थे. इसके बाद का काम मोहसिन खान ने अंजाम दिया और लोकल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को 21 रनों से कामयाबी हासिल हो गयी और साथ ही अंक तालिका में जगह भी.
ये पिछले 11 आईपीएल मैचों में दसवां मैच है जब होम टीम को कामयाबी मिली है, केकेआर की एकमात्र टीम अबतक है जिसने RCB को उसके घर में जाकर हराया है और होम टीम डोमिनेशन को तोड़ा है. कल LSG के कप्तान के एल राहुल के खेलने के बावजूद मैच में कप्तानी निकोलस पूरन ने की क्योंकि राहुल अभी तक इतना फिट नहीं हैं कि वो कीपिंग कर सकें या फील्डिंग के लिए 20 ओवर मैदान में रह सके. राहुल की फिटनेस लगातार टीम के लिए सिरदर्द बनी रहती है। LSG के लिए भी और टीम इंडिया के लिए भी. राहुल का नाम अब उन खिलाडियों में गिना जाने लगा है जो कोई भी सीजन अनफिट हुए बिना नहीं खेल सकते। बहरहाल पूरन ने न सिर्फ बल्लेबाज़ी अच्छी की बल्कि टीम की कप्तानी भी अच्छी की, विशेषकर मयंक यादव का बहुत अच्छी तरह से इस्तेमाल किया।
LSG की टीम ने पहले खेलते हुए डिकॉक 54, पूरन 42 एयर क्रुणाल पांड्या की 43 रनों की पारी की बदौलत आठ विकेट पर 199 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। सैम कुरेन ने तीन और अर्शदीप ने दो विकेट लिए। 200 रनों के लक्ष्य का पंजाब किंग्स ने ताबड़तोड़ अंदाज़ में पीछा करना शुरू किया और 10 ओवर तक अपने निर्धारित लक्ष्य के हिसाब से पंजाब के लिए सबकुछ ठीक चल रहा था, विकेट भी कोई नहीं गिरा था , कप्तान शिखर धवन और बेयरस्टो ने 102 रनों की साझेदारी भी कर ली थी तभी अपना पहला आईपीएल मैच खेलने उतरे मयंक यादव ने गेंद संभाली और इसके बाद पंजाब के हाथों से मैच फिसलता चला गया. मयंक ने चार ओवरों में सिर्फ 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए और आईपीएल में अपने कैरियर की शानदार शुरुआत की.

