लखनऊ : सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सत्ता संरक्षित अपराधियों की हर तरफ पौबारह है। मुख्यमंत्री जी अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बातें तो बहुत करते हैं पर उनके ही गृह जनपद में अपराधियों को खुली छूट है। भाजपा सरकार से प्रदेश को अपराध मुक्त करने की उम्मीद करना मुंगेरीलाल का सपना ही साबित होना है।
पूरे प्रदेश में भय व्याप्त
अखिलेश ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश में छिनौती की बढ़ती घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं में इससे भय व्याप्त है। वे आभूषण पहनकर बाहर नहीं निकल सकती हैं। न्यायमूर्तियों ने कहा है कि अपराधियों पर लगाम कसी जानी चाहिए। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब राजधानी में भी ठगी और छिनैती की घटनाएं न घटती हों। अपहरण, हत्या, लूट और दुष्कर्म की वारदातें रोज ही सामने आती हैं। पुलिस ज्यादातर मामलों में रिपोर्ट दर्ज करके ही खाना पूरी कर लेती है।
सीएम के गृह जनपद में लुटेरों का बोलबाला
उन्होंने कहा कि खुद मुख्यमंत्री योगी के वीवीआईपी जनपद गोरखपुर में पेशेवर लुटेरों और डकैतों का बड़ी तादाद में होना साबित करता है कि अपने कार्यकाल में प्रदेश को तो छोड़िए अपने शहर में ही कानून व्यवस्था बनाए रखने में मुख्यमंत्री विफल साबित हो रहे हैं। यह स्थिति नितांत शर्मनाक है।

