पाकिस्तान के पेशावर के पुलिस लाइन स्थित एक मस्जिद में आत्मघाती विस्फोट में 50 लोगों के मारे जाने की खबर है, इस आत्मघाती हमले में 145 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. वहीँ तालिबान के एक कमाण्डर ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है. हमला दोपहर की नमाज़ के समय हुआ. जानकारी के मुताबिक यह हमला आत्मघाती था. हमलावर नमाज पढ़ने वाली अगली पंक्ति में बैठा हुआ था. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी.
तहरीक-ए-तालिबान ने ली ज़िम्मेदारी
आत्मघाती विस्फोट से पुलिस लाइन मस्जिद की दो मंजिला इमारत गिरी, कई लोग अब भी मलबे में दबे हैं. प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने इस आत्मघाती विस्फोट की जिम्मेदारी स्वीकार की है. कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। बचावकर्मी राहत कार्यों में लगे हुए हैं, घायलों को मस्जिद से निकाल रहे हैं। बचाव सूत्रों के अनुसार घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रबंधन ने नागरिकों से रक्तदान करने की अपील की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एसपी नूर जमान विस्फोट में घायल हो गए हैं और उन्हें सीएमएच में स्थानांतरित कर दिया गया है।
लगभग डेढ़ सौ लोग घायल
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के बाद मस्जिद की छत नीचे आ गिरी. इस धमाके में लगभग डेढ़ सौ लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन दुख की बात ये है कि इस धमाके में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है और कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता का कहना है कि ऑपरेशन थियेटर में 10 घायलों की सर्जरी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में जब धमाका हुआ तो लगा कि मस्जिद के पास तीन ट्रांसफार्मर फट गए हैं, लेकिन जब मस्जिद से लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज आई. जब लोगों को बाहर भागते हुए देखा और सुना गया तो वास्तविक विस्फोट का पता चला। मस्जिद के ठीक बगल में पुलिस लाइन की एक कैंटीन भी है जहां विस्फोट के वक्त लंच ब्रेक चल रहा था और वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे.

