न्यूज़ डेस्क – बीजेपी नेता नवनीत राणा के ज्यादा बच्चे पैदा करने वाले बयान पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ओवैसी ने बिना नाम लिए नवनीत राणा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खुद छह बच्चे हैं और फिर सवाल किया, “अगर कोई कह रहा है कि ज्यादा बच्चे होने चाहिए, तो आठ बच्चे पैदा करो, तुम्हें कौन रोक रहा है?”
महाराष्ट्र के अकोला में एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, “मेरे छह बच्चे हैं और मेरी दाढ़ी सफेद हो रही है। किसी ने कहा कि चार बच्चे होने चाहिए। चार ही क्यों? आठ बच्चे पैदा करो, तुम्हें कौन रोक रहा है?”
दरअसल, इससे पहले नवनीत राणा ने बयान दिया था कि कुछ लोगों की कई पत्नियां और कई बच्चे होते हैं, जिससे उनकी आबादी बढ़ती रहती है। इसे रोकने के लिए उन्होंने हिंदुओं से “कम से कम तीन से चार बच्चे” पैदा करने की अपील की थी। राणा ने कहा था, “मैं सभी हिंदुओं से अपील करती हूं। ये लोग कहते हैं कि उनकी चार पत्नियां और 19 बच्चे हैं। इसलिए हमें भी कम से कम तीन से चार बच्चे पैदा करने चाहिए।”
ओवैसी ने अपने बयान में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के पुराने बयानों का भी जिक्र किया, जिनमें ज्यादा बच्चे पैदा करने की बात कही गई थी। नायडू की पार्टी टीडीपी केंद्र में बीजेपी के साथ सरकार का हिस्सा है।
बता दें कि ऐसे बयान पहले भी कई राजनीतिक मंचों से दिए जाते रहे हैं। कुछ नेता कहते हैं कि एक खास समुदाय ज्यादा बच्चे पैदा करके देश की जनसंख्या बढ़ा रहा है, इसलिए दूसरे समुदाय को भी ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए।
हालांकि, जानकारों का मानना है कि कम बच्चे होने से उन्हें बेहतर शिक्षा और विकास के मौके मिलते हैं और इससे देश की जनसंख्या की समस्या भी नहीं बढ़ती।

