मेरठ। दौराला शुगर के एक अधिकारी की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद पल्लवपुरम से लेकर दौराला तक हड़कंच मचा हुआ है। वह पल्लवपुरम की एटूजेड कालोनी में रहते थे, जबकि मिल में कार्यरत थे। अब कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 50 लोगों की सूची सीएचसी दौराला के प्रभारी ने रविवार को तैयार करवाई है, ताकि सभी का सैंपल लेकर टेस्ट को भेजा जा सके।
दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि पल्लवपुरम हाईवे स्थित एटूजेड कालोनी निवासी एक व्यक्ति दौराला शुगर मिल में अधिकारी है।
कई दिन पूर्व से अधिकारी की तबियत खराब चल रही थी। प्राइवेट अस्पताल से अधिकारी ने कोरोना टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई थी। तभी से उनके परिजन और कालोनी के लोगों में कोरोना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। मरीज को मुलायम सिंह मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था, मगर रविवार को मिल में अधिकारी के संपर्क में आए करीब 50 लोगों की सूची तैयार की गई है, जिनका टेस्ट होना है। दूसरी ओर एटूजेड कालोनी में जहां अधिकारी के मकान के चारों ओर ढाई सौ मीटर के एरिया को सील किया गया है। उस क्षेत्र के लोग एक सप्ताह तक होम क्वारंटाइन रहेंगे।
सीएचसी प्रभारी ने कहा कि सिवाया गांव निवासी कारपेंटर की पुरानी बीमारी की वजह से शुक्रवार को अस्पताल में मौत हुई थी। तब तक कोरोना की रिपोर्ट नहीं आई थी। मगर, शव उनके परिजनों को सौंप दिया। परिजन और अन्यों ने दाह संस्कार कर दिया। शनिवार को मृतक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया। रविवार को दाह संस्कार में शामिल होने वालों की सूची तैयार कर उनका कोविड-19 का टेस्ट कराया जाएगा। तब तक सभी को होम क्वारंटाइन रहने को कहा गया है।,

