मेरठ। प्रदेश में दूसरी बार सत्ता में आई योगी सरकार अब कानून व्यवस्था को और दुरूस्त करने मेें जुट गई है। सरकार के निर्देश पर अब प्रत्येक जनपद की पुलिस ने अपराधियों की जन्म कुंडली बनाने का फैसला किया है। इसमें थाना वार अब टॉप-10 गुंडे और टॉप-10 माफिया की सूची तैयार की जाएगी। इसके अलावा उन सफेदपोश चेहरों का भी रिपोर्ट कार्ड बनाया जाएगा जो कानून व्यवस्था के लिए मुश्किलें पैदा करते है। इन सब को सूचीबद्ध कर पुलिस इन पर शिकंजा कसने के लिए जल्द बड़ा अभियान शुरू करेगी।
विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्ष ने जिस तरह से खाकी की कार्रवाई को मुद्दा बनाया। अब योगी सरकार ने पुलिस को अपराधियों पर नियंत्रण के लिए नया हथियार दे दिया है। योगी सरकार का मानना है कि पुलिस व्यवस्था बेहतर होने से प्रदेश में कानून राज स्थापित करने में आसानी होगी। इसी के तहत जिले के पुलिस अधिकारियों को थानेवार अपराधियों की कुंडली का खाका तैयार करने के निर्देश दिए है। अब हर थाना वार हिस्ट्रीशीटरों की नई सूची बनाई जा रही है।
Read also: जनप्रतिनिधियों के आचरण और व्यवहार पर ही निर्भर है प्रतिनिधि संस्थाओं की गरिमा : ओम बिरल
पुलिस का पूरा फोकस अपराध नियंत्रण को लेकर गुंडों, माफिया के अलावा रोमियों पर है। इसके अलावा चेन स्नेचिंग, लूट, चोरी जैसे अपराधों में शामिल शातिरों का रिपोर्ट कार्ड भी तैयार हो रहा है। बड़े अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट बन रही है। माफियाओं को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है। अब सभी थानों में इनकी सूची चस्पा होगी। अपराध नियंत्रण के लिए मेरठ पुलिस गुंडे और माफिया पर शिकंजा कसेगी। शराब माफिया भी टारगेट पर हैं। बड़े अपराधियों को जिले में नहीं रहने दिया जाएगा। वे जेल में होंगे या फिर जिले से भाग जाएंगे।

