लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार प्रदेश में चुनावी रैलियां व जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को शाह राजधानी लखनऊ में प्रबुद्ध सभा को संबोधित किया।
इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कि चुनाव के कुछ दिन पहले ये मीटिंग रखी है तो मैं चुनाव की बात ही करूंगा। ये चुनाव उत्तर प्रदेश की जनता का है। यूपी को फिर से एक बार सबसे विकास वाला प्रदेश, एक बार फिर से सांस्कृतिक में ऊपर वाला प्रदेश बनाने का लक्ष्य लेकर आया हूं। जिस उत्तर प्रदेश को मैं विद्यार्थी जीवन से देखता था, यूपी का ज़िक्र देश की इतिहास में सांस्कृतिक के केंद्र बिंदु रहता था। एक दौर आया जब यह प्रदेश बीमारू राज्य में आ गया।
Read also- पहले और दूसरे चरण में नींव पड़ चुकी, तीसरे चौथे में भाजपा की खड़ी होगी जीत की इमारत – अमित शाह
सिर्फ मोदी जी के चेहरे पर हासिल की प्रचंड बहुमत
शाह ने कहा कि वर्ष 2013 में सोनिया, मनमोहन की सरकार में घोटाले भ्रष्टाचार और आंतरिक और वैश्विक सुरक्षा ख़त्म हो चुकी थी। यूपी में 2017 से पहले परिवारवाद और जातिवाद हावी था। 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद हमने एक प्रयत्न यज्ञ किया गया। पहले की सरकार केंद्र की योजनाओं को सिर्फ एक विशेष जाति को, एक वर्ग को, एक विशेष क्षेत्र को मिलता था। 2017 के चुनाव में हमारे पास सिर्फ़ मोदी जी का चेहरा था और हमने 325 सीटों के साथ प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनाई। हमने 2017 के घोषणा पत्र के 92.6% वादे पूरे किए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हमने राज्य में स्थिर सरकार दी। योगी जी को मुख्यमंत्री बनाया गया और पूरे पांच साल काम किया, बिना किसी खींचतान के। स्थिरता रहती है और पार्टी में भी जैसे कांग्रेस में सिर्फ़ गांधी ही बढ़ेगा, सपा में मुलायम फिर अखिलेश और अब आने वाली पीढ़ी का कोई। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे राजीव गांधी जी का प्रोजेक्ट था पूरा किया मोदी जी ने और इसका एहसास तब हुआ जब कुंभ में आचमन और स्नान किया। तब यक़ीन हुआ की सच में काम पूरा हुआ। सबसे पूछता हूं कि कोई बाहुबली बाहर है क्या?
हमने वो काम किए, जो 70 साल में नहीं हो पाए
अमित शाह ने कहा कि पहले यहां गोली और कट्टे बनते थे, अब यहां देश का गौरव बढ़ाने वाली मिसाइल और देश हित के लिए राइफ़ल का निर्माण का काम हुआ है। पिछले पांच साल में पहली बार है जब आज़म खां, मुख़्तार अंसारी और अतीक अहमद तीनों जेल में हैं। पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपराधीकरण था। कोरोना में सबको डर लगता था, पर हमने देश में सबसे ज़्यादा टेस्टिंग, वैक्सीनेशन और राशन देकर जनता को न केवल भय से दूर किया बल्कि आत्मविश्वास बनाया है। शाह ने कहा, मैं आपको वादा करता हूं कि हर जनपद में एक मेडिकल कॉलेज होगा। हर घर शौचालय के बारे में कभी किसी ने सोचा था पिछले 70 साल में किसी ने नहीं किया, हमने पूरा किया।

