नई दिल्ली। भारत और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच परामर्श के तंत्र को लेकर एक समझौता हुआ है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) महासचिव नायेफ फलाह मुबारक अल-हजरफ के साथ इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। विदेश मंत्री जयशंकर ने ये जानकारी एक ट्वीट के माध्यम से दी है। उन्होंने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा है कि (जीसीसी) के महासचिव नायेफ फलाह मुबारक अल-हजरफ के साथ वार्ता सकारात्मक रही। जयशंकर ने अपने ट्वीट में लिखा कि जीसीसी महासचिव डॉ. नायफ फलाह मुबारक अल-हजरफ के साथ बैठक बहुत ही सार्थक रही है। भारत और जीसीसी के बीच परामर्श के तंत्र पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। वर्तमान क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिति और उससे संदर्भ में भारत-जीसीसी सहयोग की प्रासंगिकता पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया है। विदेश मंत्री 10-12 सितंबर 2022 तक सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी में हैं। भारत के विदेश मंत्री के रूप में जयशंकर की ये सऊदी अरब की पहली यात्रा है।
जयशंकर ने ट्वीट में लिखा कि यहां अपने समुदाय के लोगों के साथ बातचीत के साथ ही सऊदी अरब की यात्रा शुरू की है। उन्होंने राष्ट्रीय चुनौतियों का सामना करने में हमारे डायस्पोरा के योगदान की भी सराहना की है। सभी ने विशेष रूप से भारत में कोविड 19 और राष्ट्रीय परिवर्तन के दौर में देश के जरूरत के अनुरूप ढल जाने के बारे में बात की। कोविड काल में जिस तरह से भारत ने चुनौती का मुकाबला किया सऊदी अरब में उसकी खूब सराहना की जा रही है।

