नई दिल्ली। गर्मी की अभी दस्तक भी नहीं हुई है और रिकार्ड बनने लगे हैं। हालात यह है कि फरवरी माह में गर्मी ने 17 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। पिछले 55 साल में यह फरवरी तीसरा सबसे गर्म माह हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो अभी अगले दो दिन और तापमान कमोबेश इतना बना रहेगा।
मंगलवार को दिन भर तेज धूप
एनसीआर का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्लीवासियों को पंखा चलाना पड़ा। इससे पहले इतना अधिक तापमान 26 फरवरी 2006 को 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जोकि इस महीने का आल टाइम रिकार्ड है। इससे भी पूर्व 17 फरवरी 1993 को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक 1969 से 2023 के दौरान 55 साल में फरवरी माह में यह तीसरा सर्वाधिक तापमान है।
दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 48 से 93 प्रतिशत दर्ज हुआ। एनसीआर में दिल्ली का पीतमपुरा दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री जबकि न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
आज बुधवार को कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 33 व 14 डिग्री जा सकता है। बुधवार को पूरे दिन यहीं स्थिति रहेगी। बृहस्पतिवार से एक दो डिग्री की आंशिक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी माह में इतनी गर्मी की वजह मजबूत पश्चिमी विक्षोभों का अभाव और माह में एक बार भी बरसात नहीं होना है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 26 और 27 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं। इस दौरान हल्की वर्षा भी हो सकती है। लेकिन इससे भी गर्मी के तेवर कुछ खास नरम नहीं होंगे।

