नई दिल्ली। कांग्रेसी सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से आज बुधवार को लगातार तीसरे दिन ईडी पूछताछ करेगी। पूछताछ के लिए ईडी ने आज फिर अपने कार्यालय पर 11:30 बजे बुलाया है। बता दें कि कि नेशनल हेराल्ड केस के पांच हजार करोड रुपये के मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। इस मामले में राहुल गांधी से पूछताछ चल रही है। पिछले दो दिन से ईडी के अधिकारी राहुल गांधी से पूछताछ कर रहे हैं।
Also read: Uttarakhand में AAP को एक झटका, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा में शामिल
धनशोधन के मामले में लगातार मंगलवार को दूसरे दिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने 11 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। राहुल गांधी मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे पर ईडी आफिस पहुंचे थे। पहले दौर में करीब चार घंटे पूछताछ चली उसके बाद दूसरे दौर की पूछताछ के लिए राहुल गांधी साढ़े 4 बजे ईडी दफ्तर पहुंचे। देर रात 11:43 बजे राहुल गांधी ईडी आफिस से बाहर निकले। ईडी ने आज बुधवार को फिर से राहुल गांधी को पूछताछ के लिए बुलाया है।
Also read: आज भी लंच तक चार घंटे ईडी ने की राहुल गांधी से पूछताछ, कांग्रेसियों का हंगामा
वहीं कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से की जा रही पूछताछ को राजनीतिक साजिश करार दिया है। कांग्रेसी इस बारे में विरोध दर्ज करा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव और राहुल की बहन प्रियंका गांधी सोमवार की तरह मंगलवार को भी राहुल गांधी को ईडी आफिस तक छोड़ने गई। जबकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को विरोध जताते हुए हिरासत में ले लिया। सूत्रों की माने तो दूसरे दिन राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों ने पूछा कि आखिर एजेएल को अदा की 50 लाख रुपये की धनराशि कहां से आई थी? ईडी अधिकारियों ने पूछा कि क्या उन्हें इस धनराशि के एवज में नेशनल हेराल्ड की संपत्ति मिलेगी। यह भी पूछा गया कि यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी किसलिए बनाई गई। राहुल गांधी इन सब सवालों पर चुप्पी साधकर बैठे रहे।

