रोहन वर्मा
- बिना वैरिफिकेशन के ही छह माह पूर्व नौकरी पर रखा था
- हैंडलूम कारोबारी के एकाउंटेंट और नौकर पर पुलिस को शक
मेरठ। लॉक डाउन में जहां प्रशासन हर व्यक्ति को कोरोना से बचाव के लिए मशक्कत कर रही है वहीं दूसरी ओर चोर उचक्के अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वह किसी न किसी तरह से अपनी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया जब हैंडलूम व्यापारी के यहां काम करने वाला नौकर उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया। स्कूटी की डिग्गी में तीन लाख 80 हजार रुपए रखे हुए थे। इसकी जानकारी नौकर को भी थी। हैंडलूम कारोबारी के यहां नौकर सात माह से काम कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में नौकर स्कूटी ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। परतापुर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई। नौकर की तलाश में उनके घर पर भी पूछताछ की गई।टीपीनगर के शंभूनगर में व्यापारी प्रभात जैन रहते हैं। उनका खंदक बाजार में हैंडलूम का काम हैं। प्रभात जैन का बेटे रजत भूषण पेपर का काम करते हैं
रजत भूषण ने अपने एकाउंटेंट मनोज कुमार और नौकर भुवनेश को परतापुर स्थित श्रीनाथ पैकर्स से 3.80 लाख की रकम लेने के लिए भेजा था। वहां से दोनों ने रकम लेकर स्कूटी की डिग्गी में डाल दी। बकौल मनोज कुमार, परतापुर में औद्योगिक क्षेत्र में एल्फा पैकेजिंग फैक्ट्री में एक कागजात देने के लिए अंदर गया था। स्कूटी बाहर खड़ी थी। उसने स्कूटी के पास साथ आए नौकर भुवनेश को खड़ा कर दिया था। फैक्ट्री से बाहर आया तो स्कूटी और भुवनेश दोनों गायब थे। तभी मनोज ने प्रभात जैन को मामले की जानकारी दी। व्यापारी पिता-पुत्र मौके पर पहुंचे। तत्काल ही आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज देखे गए। जिसमें भुवनेश अकेला ही स्कूटी लेकर जाते दिखाई दे रहा है। तभी प्रभात जैन ने मामले की जानकारी भाजपा नेता सुरेश जैन ऋतुराज को दी। भाजपा नेता के साथ व्यापारी परतापुर थाने पहुंचे। उन्होंने भुवनेश की फोटो और उसके आधार कार्ड और सीसीटीवी की फुटेज पुलिस को सौंप दी।
इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा का कहना है कि इस मामले में पुलिस कई लाइन पर काम कर रही है। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं रकम लेने के बाद मनोज और भुवनेश दोनों ने मिलकर कुछ प्लान तो नहीं किया है। इस लाइन पर भी पुलिस जांच कर रही है। साथ ही भुवनेश को बिना वेरीफिकेशन के ही व्यापारी ने छह माह पहले अपने घर में रखा था। यदि पुलिस से वेरीफिकेशन होता तो शायद भुवनेश को डर होता। पुलिस ने भुवनेश के कसेरूखेड़ा स्थित घर पर पहुंचकर भी पूछताछ की है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

