पैसों की जरूरत को पूरा करने के लिए लोग या तो दोस्तों रिश्तेदारों की मदद लेते हैं या फिर पर्सनल लोन का विकल्प चुनते हैं। पर्सनल लोन में ज्यादा कागजातों की जरूरत नहीं होती और काम जल्दी हो जाता है। लेकिन पर्सनल लोन लेने के लिए सिबिल स्कोर अच्छा होना जरूरी है। इसके अलावा इसका एक ड्रॉ बैक है कि इसमें ब्याज अधिक देना होता है।
लेकिन अगर भारतीय जीवन बीमा निगम (Life Insurance Corporation-LIC) में पॉलिसी करवाई है, तो लोन का एक बेहतर विकल्प है। एलआईसी की पॉलिसी पर लोन ले सकते हैं। एलआईसी के इस लोन की अच्छी बात है कि इसमें सिबिल स्कोर का असर नहीं पड़ता। इसी के साथ ब्याज दरें पर्सनल लोन के मुकाबले काफी कम होती हैं। इसके अलावा कई अन्य फायदे भी इससे होते हैं।
लोन लेने के लिए पात्रता
एलआईसी पॉलिसी के बदले लिया जाने वाला लोन, सिक्योर्ड लोन है। इस दौरान बीमा पॉलिसी को एलआईसी अपने पास सिक्योरिटी के रूप में गिरवी रखती है। लोन लेने के लिए शर्त ये है कि एलआईसी पॉलिसी होनी चाहिए। इसके लिए उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और कम से कम 3 साल तक उस पॉलिसी का सालाना प्रीमियम जमा हुआ हो। इसके बाद उस लोन को लेने के लिए पात्र हो पाएंगे।
लोन के तौर पर मिलेगी इतनी रकम
एलआईसी पॉलिसी के लोन पर कितनी लोन राशि मिलेगी। यह एलआईसी पॉलिसी की सरेंडर वैल्यू पर निर्भर करता है। अगर कोई बीमाधारक पॉलिसी की मैच्योरिटी से पहले इसे सरेंडर करता है तो बीमा कंपनी उसे एक निर्धारित मूल्य लौटाती है। जिसे सरेंडर वैल्यू कहते हैं। आमतौर पर, लोन राशि पॉलिसी वैल्यू की 90 प्रतिशत तक होती है। पेड-अप पॉलिसी के लिए, यह धनराशि पॉलिसी वैल्यू की 85 प्रतिशत तक होती है। इस लोन 10-13 प्रतिशत तक ब्याज दर होती है। जोकि पर्सनल लोन के मुकाबले कम है।
सुविधा के हिसाब से दीजिए लोन की किश्त
लोन का एक लाभ ये है कि इस लोन पर हर महीने ईएमआई चुकाने की टेंशन नहीं है। जैसे-जैसे पैसे जमा होते जाएं, उसके हिसाब से किस्त चुकातें जाएं। लेकिन इसमें ब्याज जुड़ता रहेगा। हालांकि अगर लोन नहीं चुकाते हैं तो पॉलिसी के मैच्योर होने पर लोन का पैसा ब्याज के साथ काट लिया जाता है। इसके बाद बचा हुआ रुपया वापस दिया जाता है।
इस तरह कर सकते हैं आवेदन
पॉलिसी के बदले लोन लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन के लिए एलआईसी ऑफिस में जाकर केवाईसी डॉक्यूमेंट्स के साथ लोन के लिए आवेदन करना होगा। जबकि लोन लेने के लिए आनलाइन आवेदन करने के लिए LIC ई-सेवाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अपने खाते को लॉग-इन करना होगा। इसके बाद चेक करें कि बीमा पॉलिसी बदले लिए जाने वाले लोन को प्राप्त करने के लिए योग्य है या नहीं। अगर हैं, तो लोन की नियम, शर्तें, ब्याज दरें आदि के बारे में अच्छे से सभी कुछ पढ़ लें। इसके बाद अपने फार्म को जमा कर दें। इसके बाद KYC दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड करें।

