शेयर बाजार नियामक सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए डीमैट और म्यूचुअल फंड में नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख को बढ़ाकर 30 जून,2024 कर दिया गया। इससे पहले ये 31 दिसंबर और 26 सितंबर थी। सेबी की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया कि बाजार भागीदारों से मिले फीडबैक के आधार पर नियमों का अनुपालन करने और निवेशकों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीमैट और म्यूचुअल फंड में नॉमिनेशन की आखरी तारीख को बढ़ाया जा रहा है।
डीमैट और म्यूचुअल फंड में नॉमिनेशन दर्ज करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि डीमैट या म्यूचुअल फंड धारक को अगर कुछ हो जाता है तो उसके आश्रितों तक बिना किसी रुकावट के उसकी संपत्ति पहुंच जाएगा। ऐसे में अगर आपके पास भी डीमैट या फिर म्यूचुअल फंड है तो आपको नॉमिनेशन जरूर ऐड कराना चाहिए।
नॉमिनी ऐड करने के लिए सबसे पहले nsdl.co.in/dpmplus.php पर क्लिक करें। इसके बाद डीपी आईडी, क्लाइंट आईडी और पेन दर्ज कर सबमिट करें। इसके बाद आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। लॉग इन होने के बाद नॉमिनी भरने के लिए ‘I Wish to Nominate’ पर क्लिक करें। यहां आपको नॉमिनी नाम दर्ज करना है। अगर नॉमिनी एक से ज्यादा है तो आप यहां उनका अनुपात भी तय कर सकते हैं। कन्फर्म और नॉमिनी को ओटीपी के जरिए वेरिफाई करें। अब आपको Protean eGov के पेज पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा। यहां आपको आधार ई-साइन करना है। आधार ई-साइन को आप ओटीपी के जरिए पूरा करेंगे और प्रोसेस पूरा हो जाएगा। आपका नॉमिनेशन डीमैट अकाउंट के साथ दर्ज हो गया है।

