कपिल बोले, सचिन को शतक को दोहरे या तिहरे शतक में बदलना नहीं आता था

स्पोर्ट्सकपिल बोले, सचिन को शतक को दोहरे या तिहरे शतक में बदलना...

Date:


कपिल बोले, सचिन को शतक को दोहरे या तिहरे शतक में बदलना नहीं आता था

नई दिल्ली.सचिन तेंदुलकर को दुनिया के सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में शामिल किया जाता है लेकिन कुछ ऐसी चीजें थीं जिन्हें सचिन भी हासिल नहीं कर पाए. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव के मुताबिक सचिन निर्दयी बल्लेबाज नहीं थे. उन्होंने कहा सचिन इतने निष्ठुर नहीं थे कि वह अपने शतक को 200 या 300 में बदल सकें. सचिन तेंदुलकर के नाम मर्वन अटापट्टू (श्रीलंका), वीरेंद्र सहवाग (भारत), जावेद मियांदाद (पाकिस्तान), यूनिस खान (पाकिस्तान), और रिकी पॉन्टिंग (ऑस्ट्रेलिया) की तरह ही टेस्ट क्रिकेट में छह दोहरे शतक हैं. सर डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं जिनके नाम 12 दोहरे शतक हैं.

नहीं देखी ऐसी प्रतिभा
पूर्व भारतीय बल्लेबाज और महिला टीम के मौजूदा कोच डब्ल्यूवी रमन के साथ बातचीत में कपिल ने कहा कि सचिन के पास जितनी प्रतिभा थी उतनी मैंने किसी और में नहीं देखी. वह जानते थे कि शतक कैसे लगाना है लेकिन वह कभी निष्ठुर बल्लेबाज नहीं बने. सचिन के पास क्रिकेट में सबकुछ था. वह शतक बनाना जानते थे लेकिन उस शतक को दोहरे शतक और तिहरे शतक में बदलना उन्हें नहीं आता था.

पहले शतक में लगे थे 10 साल
उन्होंने कहा कि सचिन को कम से कम तीन तिहरे और 10 दोहरे शतक लगाने चाहिए थे क्योंकि वह तेज गेंदबाज व स्पिनर दोनों को हर ओवर में चौका लगा सकते थे. सचिन ने 200 टेस्ट मैच खेले और 15921 रन बनाए. उनका बल्लेबाजी औसत 53.78 का था. टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक लगाने वाले सचिन ने अपना पहला दोहरा शतक लगाने में 10 साल का वक्त लिया. न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में 217 रन बनाकर उन्होंने अपनी पहला दोहरा शतक लगाया.

मुंबई स्कूल ऑफ बैटिंग में है कुछ कमी
सचिन के टीम के साथी खिलाड़ी और भारतीय टीम के कोच रहे कपिल देव को लगता है कि बड़ा स्कोर ना बना पाने की जड़ें सचिन की मुंबई स्कूल ऑफ बैटिंग में हैं. कपिल ने कहा कि सचिन को शतक बनाने के बाद निर्मम रवैया अपनाते हुए गेंदबाजों पर धावा बोल देना चाहिए था. उन्होंने इसके बिलकुल उलट किया और शतक बनाने के बाद वह एक-एक रन लेना शुरू कर देते थे. मौजूदा दौर की बात करें तो भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम सात दोहरे शतक हैं. वह सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं. तिहरे शतक की बात करें तो भारत के सिर्फ दो ही बल्लेबाज ऐसा कर सके हैं. वीरेंद्र सहवाग ने दो बार और करुण नायर ने एक बार ऐसा किया है.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related