लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस पार्टी ने 13 वीं लिस्ट जारी करते हुए 10 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है. इस लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम कन्हैया कुमार का है जो उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर भाजपा के मनोज तिवारी को चुनौती देंगे। तिवारी दिल्ली के इकलौते सांसद हैं जो अपना टिकट बचाने में कामयाब रहे, बता दें कि दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें भाजपा के पास थीं और यहाँ से उसने 6 उम्मीदवारों के टिकट बदल दिए थे. कांग्रेस पार्टी ने इस सीट से कन्हैया कुमार को मैदान में उतार कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. दोनों ही उम्मीदवारों का बैकग्राउंड भोजपुरी है, फर्क सिर्फ इतना है कि एक ने भोजपुरी फिल्मो से अपनी पहचान बनाई और दूसरे ने जेएनयू की छात्र राजनीति से. उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट में भोजपुरी वोटर बड़ी संख्या में हैं, ऐसे में एक दिलचस्प मुकाबला हो सकता है.
कांग्रेस पार्टी की इस लिस्ट में दिल्ली की तीनों लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। बता दें कि गठबंधन के तहत दिल्ली की सात में चार सीटें आम आदमी पार्टी लड़ रही है. कांग्रेस ने दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट से जेपी अग्रवाल और उत्तरी पश्चिमी दिल्ली से पार्टी के दलित चेहरे उदित राज को मैदान में उतारा है। इस लिस्ट में एक नाम और भी प्रमुख है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश की प्रयागराज सीट से उज्जवल रेवती रमन सिंह को प्रत्याशी बनाया है। उज्जवल रमण सिंह सपा नेता कुंवर रेवती रमण सिंह के पुत्र हैं। उज्जवल रमण सिंह 2004 और 2017 में सपा के टिकट पर विधायक बन चुके हैं। बता दें कि यूपी सपा और कांग्रेस पार्टी में गठबंधन है. प्रयागराज से भाजपा ने इसबार रीता बहुगुणा का टिकट काटकर नीरज त्रिपाठी को टिकट दिया है जो पूर्व गवर्नर केशरीनाथ त्रिपाठी के बेटे हैं लेकिन ये परिवारवाद की श्रेणी में नहीं आते हैं.
इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने पंजाब की 6 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। जालंधर से चरण जीत सिंह चन्नी, अमृतसर से गुरजीत सिंह औजला, फतेहगढ़ साहिब से अमर सिंह, संगरूर से सुखपाल सिंह खैरा, भटिंडा से जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू और पटियाला से डॉ धर्मवीर गांधी को कांग्रेस ने टिकट दिया है।

