अमित बिश्नोई
15 साल का इंतज़ार और लम्बा हो गया, भारत को टी 20 विश्व कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथो एकतरफा तौर पर 10 विकेट से बहुत बड़ी हार का सामना करना पड़ा. एक ऐसी हार जिसकी कल्पना शायद किसी ने भी नहीं की होगी, इंग्लैंड ने भी भारत के खिलाफ ऐसी जीत की उम्मीद नहीं की होगी। बल्लेबाज़ी के इस मुकाबले में भारत पर बहुत भारी पड़ा इंग्लैंड, कोहली और हार्दिक की जोड़ी ने एकबार फिर शानदार प्रदर्शन किया और टीम को एक अच्छा 168 रनों का टोटल भी दिया मगर बटलर और हेल्स ने भारतीय गेंदबाज़ों पर शुरू से जो टूट पड़े तो उसका क्रम आखिर तक जारी रखा. बात दस विकटों से हार की भी नहीं बल्कि इंग्लैंड ने यह स्कोर सिर्फ 16 ओवरों में पूरा कर लिया, यह दुःख की बात रही. हार सभी टीमों को मिलती है मगर इतने अहम् मुकाबले में इतनी बड़ी हार भारतीय फैंस को आसानी से हज़म नहीं होगी।
बटलर का बहादुरी भरा फैसला
यह इंग्लैंड के कप्तान का एक बहादुरी भरा फैसला था जो टॉस जीतकर भी उन्होंने फील्डिंग का फैसला किया, अपने सबसे बेहतरीन गेंदबाज़ मार्क वुड के उपलब्ध न होने के कारण शायद उन्होंने यह फैसला लिया। उन्हें अपनी बल्लेबाज़ी पर गेंदबाज़ी से ज़्यादा भरोसा था, अगर मार्क वुड होते तो शायद बटलर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला करते, हालाँकि वुड की कमी को जॉर्डन ने बखूबी पूरा किया, जॉर्डन ने रोहित, कोहली और हार्दिक जैसे बड़े बल्लेबाज़ों के विकेट हासिल कर कप्तान के भरोसे को सही ठहराया। इसके अलावा आदिल रशीद और लिविंगस्टोन ने शानदार स्पिन गेंदबाज़ी कर उन भारतीय बल्लेबाज़ों को खामोश रखा जो स्पिन खेलने के मास्टर समझे जाते हैं.
राहुल-रोहित ने फिर किया निराश
भारतीय सलामी जोड़ी ने एकबार फिर निराश किया। सिर्फ 9 के स्कोर पर के एल राहुल पविलियन लौट चुके थे. रोहित आज लग रहा था कि लम्बी पारी खेलेंगे मगर जब उनकी निगाहें जम गयीं तो एक खराब शॉट खेलकर आउट होकर चले गए रोहित ने 28 गेंदों पर 27 रन बनाये। सूर्यकुमार भारत के लिए बड़ी उम्मीद बनकर आये मगर आज यह सूरज चमक न सका और मात्र 14 रन बाद ही डूब गया. उनके आउट होने का जो तरीका था वह बहुत ख़राब था. इतना गैरज़िम्मेदाराना शॉट इतने नाज़ुक मौके पर जब टीम के दो बड़े विकेट जल्दी गिर गए हों, उम्मीद नहीं की जा रही थी. बहरहाल यहाँ से किंग कोहली और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला और थोड़ी सी निगाहें जमाने के बाद जमकर हमला बोला। एडिलेड कोहली की सफलता की गारंटी क्यों है यह आज फिर साबित हुआ. कोहली ने 40 गेंदों पर शानदार 50 रनों की पारी खेली।
हार्दिक ने जो कहा वो किया
हार्दिक पांड्या से मैच से पहले इंटरव्यू में सवाल किया गया था कि उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी अभी कितनी दूर है और उनका जवाब था कि डेढ़ दो घंटा दूर. पांड्या ने अपनी कही हुई बात को सही भी साबित किया और क्या तूफानी पारी खेली। पारी की अंतिम गेंद पर हिट विकेट होने से पहले हार्दिक ने 33 गेंदों में 63 रनों की धूमधड़ाके वाली पारी खेली जिसमें चार चौके और पांच गगनचुम्बी छक्के शामिल रहे. भारत ने 168 रनों पर पारी को ख़त्म किया। एडिलेड की पिच पर यह एक अच्छा स्कोर माना जा रहा था. मगर बटलर और हेल्स आज कुछ और ही मूड में थे. बटलर ने आते ही चौकों का सिलसिला शुरू किया, थोड़ी देर में एलेक्स हेल्स ने भी रफ़्तार पकड़ी और ऐसी पकड़ी कि बटलर को भी पीछे छोड़ दिया। हालाँकि बाद में बटलर भी उनके बराबर आ गए. बटलर ने 80 और हेल्स ने 86 रनों की पारी खेली। हेल्स ने अपनी पारी में सात छक्के लगाए। वहीँ बटलर ने तीन छक्कों के साथ 9 चौके भी जड़े . बड़ी बात यह रही कि इंग्लैंड ने सिर्फ 16 ओवरों में 170 रन जड़कर भारत को एक शर्मनाक शिकस्त दी जो उसे लम्बे समय तक दर्द देती रहेगी।

