मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए श्रंखला के एकमात्र टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 347 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया. टीम इंडिया को टेस्ट मैच के तीसरे दिन ही ये विशाल जीत हासिल हो गयी. इस जीत की नायिका दीप्ति शर्मा रही जिन्होंने पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी इंग्लिश बल्लेबाज़ों पर कहर बरपाया और चार विकेट चटकाए, पहली पारी में भी दीप्ति ने पंजा लगाया था. मैच में दीप्ति ने कुल पांच विकेट हासिल किये और वीमेन ऑफ़ दि मैच बनीं.
भारत ने अपनी पहली पारी में 428 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. वहीँ दीप्ति की धारदार गेंदबाज़ी की बदौलत टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पहली पारी में 136 रनों पर ही ढेर कर दिया था. इंग्लैंड पर फॉलोऑन हो गया था मगर टीम इंडिया ने दूसरी पारी खेलने का फैसला किया और छह विकेट के नुकसान पर 186 रनों पर पारी घोषित कर दी. इस तरह इंग्लैंड को 479 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य मिला जिसके दबाव में इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में भी 131 रनों पर ढेर होकर बुरी तरह मैच हार गई. महिला टेस्ट इतिहास की ये अभी तक की सबसे बड़ी जीत है.
दीप्ति की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की बल्लेबाजों दोनों पारियों में विकेट पर टिकने नहीं दिया. इंग्लैंड की जिस तरह से टेस्ट मैच हारी है ऐसी किसी को भी उम्मीद नहीं थी. सभी यही सोच रहे थे कि पहली पारी में खराब प्रदर्शन के बाद दूसरी पारी में इंग्लिश बल्लेबाज़ अच्छा प्रदर्शन करेंगी और मैच जीतने के लिए संघर्ष करेंगी लेकिन ऐसा न हो सका और पहली पारी जैसा ही दूसरी पारी का भी हश्र हुआ। इंग्लैंड के लिए सबसे बड़ा स्कोर कप्तान Heather Knight (21) की तरफ से आया. दूसरी पारी में दीप्ति शर्मा के चार विकेट के अलावा पूजा वस्त्राकार ने तीन और राजेश्वरी गायकवाड़ ने दो विकेट हासिल किये।

