अमित बिश्नोई
भारत ने मेज़बान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया अपना पहला वार्मअप मैच ड्रामाई अंदाज़ में 6 रनों से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया को अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 16 रनों की ज़रुरत थी, उसके पास 6 विकेट शेष थे क्रीज़ पर जमे जमाये कप्तान फिंच और ऑस्ट्रेलिया की नयी सनसनी टीम डेविड मौजूद थे मगर इसके बाद जो कुछ हुआ टीम इंडिया के लिए बेहद सुखद था और जिसकी टीम को बहुत दिनों से तलाश थी. एक तो डेथ ओवर में डेडली होना, दूसरे बुमराह की कमी को पूरा करना। इस मैच में यह दोनों काम हुए. आखिर को दो ओवरों में क्या कमाल की गेंदबाज़ी हुई. इन दो ओवरों में ऑस्ट्रेलिया के 6 विकेट आउट हुए और उसकी यकीनी जीत हार में बदल गयी.
19वां ओवर जो टीम इंडिया के लिए पिछले कुछ मैचों से सिरदर्द बना हुआ था आज के मैच में काफी बेहतर रहा, हर्षल पटेल के इस ओवर में न सिर्फ दो विकेट निकले बल्कि उन्होंने अपने ओवर में रन भी सिर्फ पांच ही दिए. यह दोनों विकेट काफी बड़े थे, कप्तान फिंच 79 रन पर आउट हुए, वहीँ टीम डेविड को कोहली के शानदार थ्रो पर रन आउट होकर वापस जाना पड़ा. अंतिम ओवर शामी लेकर आये, यह मैच में उनका इकलौता ओवर था लेकिन अनुभवी शामी की यॉर्कर्स का ऑस्ट्रेलिया के टेलेंडर्स के पास कोई जवाब नहीं था. शामी ने अंतिम चार गेंदों पर पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को समेट दिया। लगातार चार गेंदों पर चार विकेट हासिल करना किसी भी गेंदबाज़ के लिए बहुत बड़ी सफलता कही जायेगी, हालाँकि इसमें एक विकेट रन आउट का था. बहरहाल काफी अरसे बाद मोहम्मद शामी आये और आते ही छा गए. बेशक उस वक्त मैदान में मौजूद पाकिस्तानी टीम शामी की तूफानी गेंदबाज़ी ज़रूर देख रही होगी और सोच रही होगी कि शामी से कैसे निपटा जायेगा।
बहरहाल मैच की बात करें तो टॉस हारने के बाद भारत को पहले बल्लेबाज़ी का मौका मिला। रोहित ने उन सभी खिलाडियों से बल्लेबाज़ी कराई जिन्हे शायद पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। रोहित भले ही फिर नाकाम हुए लेकिन राहुल ने अपनी फॉर्म को बरकरार रखते हुए 57 रनों की एक और उम्दा पारी खेली। कोहली ने 19 रनों की छोटी पारी में अपना इंटेंट दिखाया। सूर्यकुमार इस मैच में भी चमके और 33 गेंदों पर 50 रन ठोंक दिए. दिनेश कार्तिक ने 14 गेंदों पर अपनी कैमियो की भूमिका निभाते हुए 20 रन बनाये। इस तरह टीम इंडिया ने 7 विकेट खोकर 186 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए केन रिचर्डसन ने चार विकेट हासिल किये।
लक्ष्य हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की. मिचेल मार्श तूफानी अंदाज़ में दिखे और 18 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए, स्टीव स्मिथ सस्ते में आउट हुए मगर मैक्सवेल अपने कलर में आते नज़र आये, दूसरी ओर कप्तान फिंच एक सिरे से स्कोर को लगातार गति प्रदान करते रहे. मैक्सी को भुवनेशवर ने आउट किया और इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ताश के पत्तों की तरह उड़ गयी. रोहित शर्मा ने सात गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया और अपने तुरुप के पत्ते का इस्तेमाल सबसे आखिर में किया। शामी ने भी कप्तान को निराश नहीं किया और साबित किया कि उन्हें बुमराह का विकल्प बनाकर टीम इंडिया ने कोई गलती नहीं की.

