बदले का दिन: क्या रोहित शाहीन को करेंगे शर्मसार

टी20 वर्ल्ड कपबदले का दिन: क्या रोहित शाहीन को करेंगे शर्मसार

Date:

अमित बिश्‍नोई

भारत और पाकिस्तान के बीच टी 20-विश्वकप 2022 में मुकाबला शुरू होने में अब सिर्फ चंद घंटे ही बाकी है, मैच को लेकर क्रिकेट की दुनिया में उत्साह चरम पर है, पिछले कई हफ़्तों से बस इसी मैच की चर्चा लोगों की ज़बान पर है, दोनों ही टीमों की जीत हार पर दांव लग रहे हैं. मेलबोर्न का हाल यह है कि चारों तरफ सिर्फ इंडिया और पाकिस्तान ही नज़र आ रहा है. इस ग्रेट राइवलरी को देखने के लिए गोरों में भी बड़ा उत्साह है. मैच की बात करें तो भारत के पास 2021 का बदला लेने का यह सुनहरा मौका है.

इस मैच को लेकर तरह तरह के विश्लेषण हो रहे हैं, खिलाडियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन की बातें हो रही हैं, रणनीतियों पर चर्चाएं चल रही हैं, दोनों टीमों के कप्तान भी टीम को लेकर सस्पेंस बरकरार रखे हुए हैं. इन सबके बीच सबसे ज़्यादा चर्चा हिट मैन रोहित शर्मा और ढाई महीने बाद मैदान पर लौटे शाहीन आफरीदी के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर हो रही है. क्योंकि शाहीन ही वह गेंदबाज़ हैं जिन्होंने पिछले टी 20 विश्व कप में दो जादुई गेंदे डाली थी और रोहित शर्मा, के एल राहुल के विकेट उड़ाकर पाकिस्तान की उस ख़ुशी का आधार रखा था जिसके लिए वो विश्व कप मुकाबलों में अबतक तरस रहा था और मौके ढूंढ रहा था. पाकिस्तान को भारत पर विश्व कप मुकाबलों में पहली जीत दिलाने में इन्हीं शाहीन का बड़ा हाथ था.

अब एकबार फिर टी 20 विश्व कप में दोनों टीमें आमने सामने हैं और सामने होंगे रोहित शर्मा और शाहीन आफरीदी। पिछली कामयाबी के बाद पाकिस्तान के लिए शाहीन भगवान की तरह बन गए, इन दिनों वो बस शाहीन शाहीन का ही नाम जप रहे हैं तो अब बड़ा सवाल यह है कि क्या दो ढाई महीने मैदान से दूर रहने वाला एक तेज़ गेंदबाज़ अपने पहले ही मैच में वह लय प्राप्त कर सकता है जिस लय से वो पहले गेंदबाज़ी कर रहा था. कोई भी एक्सपर्ट इस सवाल के जवाब में यही कहेगा कि मुश्किल है. मेरा भी मानना है कि यह मुश्किल आज पाकिस्तान को भारी पड़ने वाली है. दूसरे रोहित शर्मा वो बल्लेबाज़ हैं जो अपने ऊपर चढ़े हुए क़र्ज़ को उतारने में ज़्यादा समय नहीं लगाते। उनके लिए यह मुकाबला रस्मे दुनिया भी है मौका भी है दस्तूर भी है वाला है. रोहित के पास मौका भी है और क़र्ज़ उतारने के दस्तूर पर वह हमेशा चलते हैं, तो ऐसे में लग यूँ रहा है कि हमारा हिट मैन आज शाहीन को शर्मसार करने वाला है. रोहित को इसके लिए शाहीन के पहले ही ओवर में बस दो तीन चौके ठोंकने होंगे उसके बाद उन्हें बिखरने में समय नहीं लगेगा। आपको याद दिला दें कि पिछले टी 20 विश्व कप के सेमी फाइनल में पाकिस्तान जीत के बिलकुल करीब था मगर यह वही शाहीन हैं जिनके आखरी ओवर में मैथियु वेड ने छक्कों की बौछार लगा दी थी और शाहीन का पूरा व्यक्तित्व बिखर गया था. कुछ वैसा ही काम आज हमारे हिटमैन को शुरू में ही करना है.

बदले की बात निकली तो SKY जिनकी लिमिट इन दिनों आसमानों तक नज़र आ रही है की करनी भी ज़रूरी है. पूरी दुनिया जानती है कि ABD के बाद उसे परफेक्ट 360 डिग्री बल्लेबाज़ मिल चूका है और इन दिनों वो सुपर फॉर्म में भी है. टी 20 ICC रैंकिंग में वह बाबर को पीछे छोड़ चूका है, वो बाबर जिन्होंने कल शाम प्रेस कांफ्रेंस में SKY को कोई अहमियत देने से इंकार कर दिया था, तो आज सूर्या को भी दिखाना है कि क्यों दुनिया आज उनकी तारीफ कर रही है, SKY को भी आज दिखाना है कि उनकी उड़ान की कोई सीमा नहीं है, उनके लिए तो बस SKY IS THE LIMIT.

आखिर में यही कहूंगा कि यह मैच सिर्फ मैच नहीं है बल्कि एक जूनून है, इसमें भावनाएं शामिल रहती हैं, उत्तेजनाएं शामिल रहती है, रोमांच के चरम की पराकाष्ठा शामिल रहती है और सबसे बढ़कर आज की दुनिया का भगवान् पैसा शामिल रहता है. आयोजकों के लिए इन दोनों टीमों के बीच होने वाला मैच धन की वर्षा करता है, भारत में धनतेरस मनाया जा चूका है, आज छोटी दीवाली है और कल बड़ी दीवाली और देश की 140 करोड़ की जनता को पूरा यकीन है कि टीम इंडिया आज उसे दीवाली का बहुत बड़ा तोहफा देने वाली है. तो बस सीट बेल्ट बाँध लीजिये क्योंकि रोमांच का जहाज़ टेकऑफ करने वाला है.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

एयरटेल पोस्टपेड ग्राहकों को मिर्जापुर: द मूवी के प्रीमियर में शामिल होने का खास मौका

एयरटेल ने अपने पोस्टपेड एडवांटेज क्लब के तहत मिर्जापुर:...