चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूज़ीलैण्ड के हाथों अपनी हार का सिलसिला पाकिस्तान ने बरकरार रखा, इसके साथ ही 29 साल बाद ICC टूर्नामेंट की मेज़बानी करते हुए पाकिस्तान ने हार के साथ शुरुआत की. पिछले 15 दिनों में न्यूज़ीलैण्ड के हाथों यह पाकिस्तान की लगातार तीसरी हार है. इससे पहले ट्राई नेशन में कीवी टीम के हाथों उसे दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा. चैंपियंस ट्रॉफी में पाक्सितान के हाथों न हारने की परंपरा को न्यूज़ीलैण्ड ने बरक़रार रखा. पाकिस्तान को कराची के नेशनल स्टेडियम पर 60 रनों की बड़ी हार मिली है जिससे आगे की राह उसके लिए काफी मुश्किल हो गयी है. न्यूज़ीलैण्ड के 320 रनों के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 16 गेंद पहले 260 रनों पर आउट हो गयी.
बाबर आज़म और सऊद शकील ने पाकिस्तान टीम के लिए पारी की शुरुआत की। 8 के कुल स्कोर पर सऊद शकील 19 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान का दूसरा विकेट कप्तान मोहम्मद रिजवान के रूप में गिरा जो 14 गेंदों पर 3 रन बनाकर आउट हुए।
बाबर आजम और फखर जमान ने तीसरे विकेट के लिए कुछ संघर्ष किया, लेकिन चोट से जूझ रहे फखर 69 के कुल स्कोर पर 24 रन बनाकर ब्रेसवेल की गेंद पर बोल्ड हो गए।
चौथे विकेट के लिए सलमान अली आगा ने बाबर आजम के साथ मिलकर टीम को 127 के कुल स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन सलमान छक्का मारने की कोशिश में कैच आउट हो गए। उन्होंने 28 गेंदों पर 42 रनों की धुआंधार पारी खेली।
न्यूजीलैंड को अपना पांचवां विकेट भी जल्दी मिल गया, जब 128 के कुल स्कोर पर तैय्यब ताहिर एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बाबर आजम 64 रन तक कीवी गेंदबाजों का सामना करने में सफल रहे। बाबर आजम 153 रन पर सैंटनर की गेंद पर ऊंचा शॉट मारने की कोशिश में कैच आउट हो गए।
शाहीन अफरीदी और खुशदिल शाह ने सातवें विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी की, लेकिन 200 के कुल स्कोर पर शाहीन 14 रन बनाकर कैच आउट हो गए। खुशदिल शाह ने एक तरफ से बल्लेबाजी जारी रखी लेकिन 49 गेंदों पर 69 रन बनाकर 229 के कुल स्कोर पर कैच आउट हो गए। पाकिस्तान ने अंतिम दो विकेट के लिए 31 रन जोड़े। हारिस रऊफ ने 19 रन और नसीम शाह ने 13 रन बनाए ।
इससे पहले, विल यंग और टॉम लैथम के शतकों की बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 320 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड का पहला विकेट 39 रन पर गिरा जब डेवॉन कॉनवे 10 रन बनाकर अबरार अहमद की गेंद पर बोल्ड हो गए। एक रन बाद ही न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट 40 रन पर गिर गया, इस बार अनुभवी केन विलियमसन एक रन बनाकर नसीम शाह की गेंद पर आउट हो गए।
बाद में, तेज गेंदबाज हारिस राउफ ने 17वें ओवर में 73 रन पर न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट लिया, उन्होंने डेरिल मिशेल को 10 रन पर कैच आउट कराया। इस बीच, सलामी बल्लेबाज विल यंग ने अच्छी बल्लेबाजी जारी रखी और दूसरे छोर पर 113 गेंदों पर 107 रन बनाकर 191 के कुल स्कोर पर आउट हुए। पांचवें विकेट के लिए टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स के बीच धुआंधार साझेदारी हुई, इस दौरान लैथम ने अपना शतक भी बनाया जबकि फिलिप्स ने अपना अर्धशतक पूरा किया।
टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स ने पांचवें विकेट के लिए 75 गेंदों पर 124 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स 39 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 320 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए नसीम शाह और हारिस रऊफ ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद ने एक विकेट लिया।

