शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज सुबह 8 बजे से 68 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। हिमाचल में मतदान के लिए प्रदेश भर में 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें आज शाम 5:00 बजे तक मतदाता अपने वोट डालेंगे।
मतदान से पहले कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा ने लोगों से पक्ष में मतदान करने की अपील की है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश के मतदाता आज मतदान को लेकर बहुत उत्साहित हैं। सभी आज मतदान करेंगे और हिमाचल प्रदेश में नई सरकार के बनाने में मदद करेंगे।’ 9 बजे तक 4:5 प्रतिशत हो चुका है।
मतदाताओं में दिख रहा उत्साह
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लाइनें लगी हुई है। मतदान शुरू होने से पहले ही लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने शुरू हो गए थे।
प्रदेश के जिला मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के भरौरी बूथ पर लोग 8 बजे से पहले ही मतदान करने के लिए पहुंच गए। मतदान करने के लिए पुरुष और महिलाएं अपनी—अपनी कतार में लगे हैं। आठ बजे मतदान शुरू हो गया है। कुल्लू जिले के मतदान केंद्र मौहल में भी मतदान करने के लिए लोग कतार में खड़े हैं।
सीएम जयराम ठाकुर ने की अपील
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वोटिंग से पहले कहा कि उनको खुशी है कि अभियान अच्छे माहौल में संपन्न हुआ। हिमाचल की जनता ने पूरा सहयोग किया है। इसके लिए मैं हिमाचल की जनता को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि ‘मैं सभी मतदाताओं से आज मतदान करने का आग्रह करता हूं ताकि हम लोकतंत्र को और मजबूत कर सकें।’
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विट कर लिखा कि हिमाचल प्रदेश की विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान का दिन है। देवभूमि के समस्त मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे लोकतंत्र के इस बड़े उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। इस अवसर पर पहली बार वोट देने वाले राज्य के युवाओं को मेरी विशेष शुभकामनाएं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के मतदान से पहले मंडी जिला के सिराज विधानसभा के मंतदान केंद्र-44 औहानी में मॉक पोलिंग की गई है। राज्य के 68 सीटों पर कुछ देर पहले मतदान शुरू हो चुका है।

