गुजरात में आज तड़के एक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हुई. यह दुर्घटना नवसारी ज़िले में उस समय हुई जब बस के ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा और बेकाबू बस सामने से आती हुई एक टोयोटा फॉर्च्यूनर कार में जा घुसी , कार में नौ लोग सवार थे जिसमें से आठ लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि ड्राइवर की अस्पताल में मौत हुई. बस में सवार 28 यात्रियों के घायल होने की सूचना है.
स्वामी महाराज शताब्दी महोत्सव समारोह हिस्सा लेने गए थे यात्री
जानकारी के मुताबिक बस सूरत से लौट रही थी, बस में सवार लोग सूरत में चल रहे स्वामी महाराज शताब्दी महोत्सव समारोह हिस्सा लेने गए थे और वापस वलसाड जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक दुर्घटना वेसमा गांव के पास हुई. पुलिस ने बताया कि एसयूवी में सवार लोग गुजरात के अंकलेश्वर के निवासी थे और वलसाड से वापस अपने घर जा रहे थे. हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया, बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को सड़क के किनारे करवाकर लग रहे जाम को खुलवाया।
प्रधानंमंत्री ने किया मुआवज़े का एलान
कहा जा रहा है कि ठण्ड लगने की वजह से ड्राइवर को दिल का दौरा पड़ा था. वहीं हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हज़ार रूपये का मुआवज़ा देने का एलान किया है. वहीँ गृहमंत्री अमित शाह ने भी हादसे को दिल दहलाने वाला बताया है और घटना में जिन परिवारों ने उनको को खोया है उनके प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं.

