नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट से अधिक चुनौतीपूर्ण कुछ भी नहीं है. यह ऐसा फॉर्मेट है जिससे आपको जिंदगी की जटिलताओं को समझने में मदद मिलती है. बीसीसीआई के ऑनलाइन प्रोग्राम ओपन नेट्स में क्रिस गेल ने टेस्ट क्रिकेट से जुड़े अनुभवों को शेयर करते हुए यह बात कही. गेल ने अपने करियर में 103 टेस्ट मैच खेले लेकिन 2014 के बाद उन्होंने किसी भी टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं लिया.
वापसी करना सिखाता है
गेल ने कहा, टेस्ट क्रिकेट सर्वश्रेष्ठ है. टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए आपको यह सीखने का भी अवसर मिलता है कि जिंदगी कैसी जीनी है क्योंकि पांच दिवसीय क्रिकेट खेलना काफी चुनौतीपूर्ण है. यह आपकी कई तरह से परीक्षा लेता है. यह आपको मुश्किल परिस्थितियों से वापसी करना भी सिखाता है. गौरतलब है कि गेल पर हमेशा छोटे प्रारूपों पर ध्यान देने का आरोप लगता रहा लेकिन उन्होंने युवाओं को टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देने की सलाह दी. साथ ही कहा कि इसमें इतना अधिक मगन नहीं होना है कि उन्हें इससे इतर जिंदगी कुछ न लगे.
क्रिकेटर न हों निराश
टेस्ट क्रिकेट को लेकर गेल ने कहा कि समर्पित भाव से इसे खेलो और जो भी कर रहे हो उसका आनंद लो. भले ही वह खेल में न हो लेकिन आपके लिए कहीं न कहीं मौका रहता है. गेल ने कहा, इसलिए अगर एक चीज नहीं चल रही है तो हमेशा याद रखो कि आपके लिए वहां दूसरा मौका भी है. इसलिए अगर क्रिकेटर रहते हुए सफल नहीं होते तो दिल मत तोड़ो.

