देहरादून। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के बाद अब हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खोले जाएंगे। हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट खोलने की तैयारी शुरु हो चुकी है। इस बार हेमकुंड धाम की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट ने यात्रियों की संख्या का निर्धारण कर दिया है। इसके अनुसार प्रतिदिन पांच हजार श्रद्धालुगण ही हेमकुंड साहिब के पवित्र सरोवर में डुबकी लगा सकेंगे और पवित्र हेमकुंड में मत्था टेक सकेंगे।
श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खोलने के लिए मैनेजमेंट ट्रस्ट तैयारियों को अंतिम रुप दे रहा है। इस बार ट्रस्ट की ओर से उत्तराखंड सरकार की मदद से धाम में सुविधाओं को बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी को देखते हुए पवित्र सरोवर में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक दिन में निश्चित की गई है। हेमकुंड साहिब पवित्र सरोवर में एक दिन में पांच हजार श्रद्धालुगण ही डुबकी लगा सकेंगे और मत्था टेक सकेंगे।
Also read: शुरू हुआ चार धाम यात्रा के लिए registration, अक्षय तृतीया के दिन खुलेंगे कपाट
मैनेजमेंट ट्रस्ट गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा ने बताया कि चारधाम यात्रा की तरह इस वर्ष हेमकुंड साहिब में भारी संख्या में सिक्ख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। हेमकुंड साहिब में आने वाले सिक्ख श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी तरह की कोई परेशानी और अव्यवस्था ना हो, इसके पूरे प्रयास किए गए हैं। उत्तराखंड सरकार के साथ व्यवस्था बेहतर करने के लिए विचार विमर्श किया गया। जिसके बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि रोज पांच हजार सिक्ख श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सिख श्रद्धालुओं को उत्तराखंड पर्यटन विभाग की बेबसाइट https://registrationandtouristcare.uk.gov.in/ पर पंजीकरण कराना जरूरी होगा। जिससे हेमकुंड साहिब यात्रा सुरक्षित और बेहतर व्यवस्थित ढंग से चले।
हेमकुंड साहिब में जाने वाले श्रद्धालुगण मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा जो श्रद्धालुगण आनलाइन पंजीकरण करने में असमर्थ हैं। उनके लिए लक्ष्मण झूला मार्ग ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब में स्थापित केंद्र में इसकी व्यवस्था की गई है। जहां पर श्रद्धालुगण पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं।

