नागपुर टेस्ट भारत ने पारी और 132 रनों से जीतकर जहाँ विश्व की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया का मान मर्दन किया है वहीँ टीम इंडिया की इस विशाल जीत के नायक रहे रविंद्र जडेजा को ICC ने उनकी उस हरकत के लिए सजा भी सुनाई है जो उन्होंने पहले दिन मैदान पर की थी. जडेजा ने अपनी गेंदबाज़ी के दौरान अपनी ऊँगली पर मलहम लगाया था. ICC ने उन्हें उनकी इस हरकत के लिए सजा सुनाई है, ICC ने न सिर्फ जडेजा की मैच फीस 25 प्रतिशत काटने का आदेश दिया है वहीँ उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया है. ICC की इस कार्रवाई ने जडेजा की खुशियों को थोड़ा कम ज़रूर किया है.
वीडियो हुआ था वायरल
बता दें कि मैच के पहले दिन एक समय अपनी गेंदबाज़ी के दौरान रविंद्र जडेजा को मोहम्मद सिराज के पास जाते हुए और उनसे कुछ लेते हुए देखा गया, बाद में उन्हें अपनी ऊँगली पर कुछ मलते हुए देखा गया. यह सारी घटना टीवी कैमरे में भी कैद हो गयी. इसके बाद इस घटना का एक वीडियो सामने आया. किसी ऑस्ट्रेलियन फैन ने यह वीडियो ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर टिम पेन को भेजा जिसपर उन्होंने ‘दिलचस्प’ लिखकर रीट्वीट कर दिया। बाद में यह वीडियो वायरल हुआ और ऑस्ट्रेलियन मीडिया ने हंगामा मचाना शुरू किया, यहाँ तक कि जडेजा पर बॉल टैंपरिंग का आरोप तक लगा दिया।
अंपायर को देनी चाहिए थी जानकारी
ICC तक भी यह बात पहुंची और इसके बारे में BCCI से जवाब तलब किया गया. टीम के कप्तान रोहित शर्मा और रविंद्र जडेजा ने मैच रेफरी के पास जाकर स्थिति को स्पष्ट किया कि जडेजा ने ऊँगली में दर्द निवारक मलहम लगाया था. बाद में ICC ने जडेजा की इस हरकत को नियमों का उल्लंघन माना और यह कार्रवाई की है, हालाँकि उसने इस बात को स्वीकार लिया है कि गेंद के साथ छेड़छाड़ के इरादे से जडेजा ने ऊँगली में मलहम नहीं लगाया है. ICC का कहना है कि जडेजा को मैदानी अंपायर की जानकारी में यह बात लानी चाहिए थी.

