उम्मीद के मुताबिक नागपुर टेस्ट का नतीजा आ गया. पहले ही दिन कंगारुओं ने भारतीय गेंदबाज़ों के आगे जो घुटने टेके थे, दूसरी पारी में तो वो नतमस्तक नज़र आये और टेस्ट क्रिकेट में अपनी कुछ शर्मनाक हारों में से एक और का उन्हें आज सामना किया। जिस तथाकथित पिशाच पिच पर भारतीय बल्लेबाज़ों ने, विशेषकर लोअर मिडिल आर्डर और लोअर आर्डर ने 400 का स्कोर खड़ा किया उसी पिच पर WTC और ICC की नंबर एक टेस्ट टीम दो पारियों में कुल मिलाकर भी 300 रन नहीं बना सकी. भारतीय टीम ने पहला टेस्ट एक पारी और 132 रनों से जीतकर चार मैचों की टेस्ट श्रंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. कंगारुओं का इस टेस्ट में जो हाल हुआ है उससे तो साफ़ नज़र आ रहा है कि उनके लिए यह श्रंखला बहुत बड़ा बुरा सपना साबित होने जा रही है.
रवि अश्विन ने लगाया पंजा
दो दिन के खेल के बाद अंदाज़ा तो पहले ही हो गया था कि यह टेस्ट मैच बहुत लम्बा नहीं खिंचने वाला लेकिन ढाई दिन में ख़त्म हो जायेगा शायद ये भी किसी ने नहीं सोचा होगा। पहली पारी में जहाँ रविंद्र जडेजा ने पंजा लगाया था वहीँ आज वो काम रवि अश्विन ने किया। पहली पारी में उन्होंने तीन विकेट चटकाए थे. दो विकेट जडेजा और एक विकेट अक्षर के खाते में गया वहीँ आखिर में दो विकेट हासिल कर मोहम्मद शामी ने ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज़ी को मात्र 91 रनों पर समाप्त कर दिया।
कंगारुओं की दयनीय दशा
दूसरी पारी में कंगारुओं की दयनीय दशा का अंदाज़ा इसी बात से लगता है कि टीम का सबसे बड़ा स्कोर 25 रन रहा जो स्टीव स्मिथ ने बनाया वही लाबुषाणे ने 17 रन बनाये। शेष बल्लेबाज़ क्रीज़ पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर आते जाते रहे. ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज़ी 33 वे ओवर में सिमट गयी, यह 32 वे ओवर में ही सिमट गयी थी लेकिन जडेजा की जिस गेंद पर पहली पारी की तरह स्मिथ बोल्ड हुए थे वो नो बाल घोषित हो गयी.
मर्फी ने लिए सात विकेट
इससे पहले आज जब भारतीय पारी शुरू हुई तो जडेजा जल्दी ही आउट हो गए. जडेजा 70 रन बनाकर मर्फी का छठा शिकार बने. इसके बाद मैदान में उतरे मोहम्मद शामी ने भी बहती गंगा में हाथ धो लिया और अपनी बल्लेबाज़ी से ऑस्ट्रेलियन टीम में और निराशा भर दी. शमी ने खुलकर बल्लेबाज़ी की और तीन छक्कों की मदद से 37 रनो की उम्दा पारी खेलकर मर्फी का सातवां शिकार बने. इस बीच अक्षर पटेल अपने शतक की तरफ बढ़ते नज़र आ रहे थे लेकिन कमिंस की गेंद पर वो 84 रनों की बहुमूल्य पारी खेलकर आउट हो गए. 2010 से टीम इंडिया को जब भी 200 रनों से ज़्यादा की बढ़त मिली है भारत ने पारी से मैच जीता है, उसने इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए इस तरह की 11वीं जीत दर्ज की है.

