करुनागाप्पल्ली: केरल के करुनागाप्पल्ली में एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि केरल के लोग राज्य के असली सोना हैं। लेकिन सीएम सोने की तस्करी और विदेशी कंपनियों को मछली पकड़ने के ठेके देने में व्यस्त हैं। वे एक कॉर्पोरेट घोषणापत्र का पालन कर रहे हैं। उनका एजेंडा कॉरपोरेट्स को राज्य की संपत्ति बेचना है।
3 प्रकार की राजनीति को चुनने का विकल्प
प्रियंका ने लोगों से कहा कि आपके पास 3 प्रकार की राजनीति को चुनने का विकल्प है। सीपीएम की राजनीति जो दमन, घोटाला और हिंसा की राजनीति है। बीजेपी की राजनीति जो नफरत और विभाजन की स्थिति फैलाती है और कांग्रेस की केरल के भविष्य की राजनीति। 5 वर्षों का सीपीएम का शासन धोखाधड़ी, भय और पक्षपात का रहा।
विशाल रोड शो
एक विशाल रोड शो के बाद प्रियंका ने चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि “यह वो जगह है, जहां सबसे अधिक शिक्षित लोग हैं और इसलिए सभी की निगाहें उस रास्ते पर हैं, जिस पर आप मतदान करने जा रहे हैं, क्योंकि यह हमारे देश के लिए आगे का रास्ता तय करेगा।” उन्होंने कहा, “आपको बोलना होगा क्योंकि आप सबसे बड़ी ताकत हैं और आप असली सोना हैं।”
भय और पक्षपात के पांच साल
प्रियंका गांधी ने कहा, “पिछले पांच वर्षों में वह भय, पक्षपात और धोखाधड़ी के सिद्धांत का पालन कर रहे हैं। उन्होंने भय की भावना पैदा की है और जो भी लंबे वादे किए गए थे, वे सभी सपाट हो गए हैं, क्योंकि जैसा वादा किया गया था, विकास का ऐसा कोई वैकल्पिक मॉडल नहीं है।”
सीएम को कुछ पता नहीं
विजयन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए, उन्होंने कहा, “हर बार जब कुछ सामने आता है। हम सुनते हैं मुख्यमंत्री का कहना होता है कि उन्हें तो कुछ नहीं पता है।” उन्होंने कहा, “यदि ऐसा है तो सरकार कौन चला रहा है। ईएमसीसी डीप सी फिशिंग घोटाले में और यहां तक कि उनके कार्यालय से जुड़े व्हाट्सएप संदेश भी सामने आए मगर उनका कहना है कि उन्हें कुछ पता ही नहीं है।” कांग्रेस नेता ने कहा, “जब सोने का घोटाला मामला सामने आया और स्प्रिंकलर डेटा घोटाला सामने आया, तब भी उनकी प्रतिक्रिया यही थी।”

