- पूर्व सीएम हरीश रावत ने ट्वीट कर जाहिर की व्यथा
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शुमार हरीश रावत अपने ही संगठन द्वारा की जा रही उपेक्षा से निराश नजर आ रहे हैं। बुधवार दोपहर को उन्होंने एक ट्वीट किया जिसमें लिखे ‘‘हरीश रावत बहुत हो गया, तेरे लिए अब विश्राम का समय है’’ ने उत्तराखंड कांग्रेस में हलचल मचा दी है। हालांकि इस ट्वीट के बारे में हरीश रावत ने अभी कुछ और कहने से इनकार कर दिया।
Read also: कांग्रेस के बागी नेताओं के खिलाफ हरीश रावत सख्त
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में खुद को मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस संगठन हरीश रावत की मांग को दरकिनार सामूहिक नेतृत्व में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव लड़ने की रणनीति बना रहा है। बताया जाता है कि राहुल गांधी की रैली में से हरीश रावत के पोस्टर हटा दिए गए थे। इसके पीछे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव का हाथ बताया जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व से समर्थन ना मिलने और उत्तराखंड कांग्रेस का सहयोग प्राप्त ना होने के कारण हरीश रावत खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। आज अपने ट्वीट में हरीश रावत ने लिखा भी है की ‘‘चुनावी रूपी समुद्र में तैरना तो है मगर सहयोग करने की बजाए संगठन का ढांचा मुंह फेर कर खड़ा हो जाता है।’’
हरीश रावत का यह कहना जाहिर करता है कि वह संगठन के नेताओं की उपेक्षा से व्यथित हैं। उन्होंने अब विश्राम का समय आने की बात भी लिखी है। हालांकि हरीश रावत ने यह भी कहा कि नया साल शायद कोई मार्ग दिखा दे। भगवान केदारनाथ जी मेरा मार्गदर्शन करेंगे।
Read also: चुनाव से पहले भाजपा ने उत्तराखंड में विधानसभा प्रभारी नियुक्त किए
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही तनातनी का सामने आना रही निःसंदेह पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ाएगा। एक और जहां सत्तारूढ़ भाजपा कांग्रेस पर लगातार हमलावर है वहीं भाजपा का मुकाबला करने के बजाए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संगठन में पड़ी फूट को व्यवस्थित करने में ही मशगूल हैं। ऐसे हालात में उत्तराखंड 2022 का सपना पूरा करना नामुमकिन नहीं तो मुश्किल जरूर हो जाएगा।

