नई दिल्ली.आईपीएल के शुरुआती मैचों में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाडिय़ों का खेलना क्वारंटाइन नियमों के चलते मुश्किल लग रहा था, लेकिन अब बीसीसीआइ ने क्वारंटाइन नियमों में बदलाव कर दिया है. अब उन्हें छह दिन की बजाए 36 दिन ही क्वारंटाइन रहना होगा. आइपीएल खेलने वाले दोनों टीम के खिलाड़ी इंग्लैंड से यहां निजी विमान से पहुंचेंगे. बता दें कि दोनों ही टीम के खिलाडिय़ों ने क्वारंटाइन समय में छूट की मांग की थी. जिसके बाद अब बीसीसीआइ के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने उनकी इस मांग को मान दिया है.
आइपीएल के एक वरिष्ठ सूत्र ने कहा कि हां मैं कह सकता हूं कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाडिय़ों को अब छह दिन की जगह सिर्फ 36 घंटे ही क्वारंटाइन रहना होगा. ऐसे में दोनों टीम से जुड़े बड़े खिलाड़ी पहले ही मुकाबलों से अपनी टीम से जुड़े रहेंगे.
गुरुवार को ही पहुंचे कई विदेशी खिलाड़ी
स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर, जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर गुरुवार की देर रात यूएई पहुंच गए हैं. इसके बाद सभी खिलाडिय़ों का कोविड-19 का आरटी-पीसीआर टेस्ट होगा. एक वरिष्ठ बीसीसीआई अधिकारी ने कहा कि उन सभी खिलाडिय़ों का बोर्डिंग से पहले एक कोविड-19 टेस्ट होगा. दूसरा टेस्ट उनके यूएई पहुंचने पर होगा. इस क्वारंटाइन समय में बदलाव का सबसे बड़ा कारण यह है कि ये सभी खिलाड़ी बायो-बबल से ही दूसरे बायो-बबल में पहुंच रहे हैं. ऐसे में इतना लंबा क्वारंटाइन समय रखने का कोई मतलब नहीं रह जाता है.
खुश हैैं फ्रेंचाइजी टीमें
इन दोनों देशों के खिलाडिय़ों से जुड़ी फ्रेंचाइजियों से बीसीसीआई ने बात की है और वे सभी इस फैसले से काफी खुश हैं. एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा कि बीसीसीआइ ने बेहतरीन काम किया है. ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स (जोश हेजलवुड, टॉम कुर्रन), राजस्थान रॉयल्स (जोस बटलर, स्मिथ, आर्चर) के सभी खिलाड़ी पहले दिन से ही मौजूद रहेंगे. वहीं किंग्स इलेवन पंजाब को ग्लेन मैक्सवेल और दिल्ली कैपिटल्स को एलेक्स कैरी का साथ मिलेगा. बता दें कि छह दिन के क्वारंटाइन समय से सिर्फ कोलकाता नाइटराइर्डस फ्रेंचाइजी को कोई फर्क नहीं पड़ रहा था, क्योंकि उनको अपना पहला मुकाबला 23 सितंबर को खेलना था. कोलकाता के पास इयोन मोर्गन, टॉम बैंटन और पैट कमिंस जैसे खिलाड़ी थे.

