टेस्ला कंपनी के मालिक एलन मस्क एक बार फिर अरबपतियों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। सोमवार को उनकी नेटवर्थ में 56 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला। मस्क के पहले स्थान पर आने के बाद जेफ बेजोस एक बार फिर दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। दोनों के बीच संपत्ति का अंतर अब घटकर 25 हजार करोड़ रुपये रह गया है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में सोमवार को 6.74 अरब डॉलर का इजाफा देखने को मिला। इस बढ़ोतरी के बाद एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर अरबपति बन गए हैं। इससे पहले गुरुवार को भी एलन मस्क पहले स्थान पर पहुंचे थे। लेकिन शुक्रवार को मस्क की नेटवर्थ घटने और जेफ बेजोस की संपत्ति बढ़ने की वजह से मस्क दूसरे स्थान पर आ गए। उस समय दोनों की नेटवर्थ में ज्यादा अंतर नहीं था। अब दोनों की नेटवर्थ में 3 अरब डॉलर यानी 25 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का अंतर है।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक, एलन मस्क की संपत्ति में इजाफे के बाद उनकी कुल नेटवर्थ 210 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। वहीं जेफ बेजोस की कुल नेटवर्थ घटकर 207 बिलियन डॉलर रह गई है। जबकि चालू वर्ष में एलन मस्क की संपत्ति में 18.9 बिलियन डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। वहीं जेफ बेजोस की संपत्ति में 29.7 बिलियन डॉलर का इजाफा देखने को मिला है। हालांकि, सोमवार को जेफ बेजोस की नेटवर्थ में 325 मिलियन डॉलर का मामूली इजाफा देखने को मिला है।

