गुर्जर महासभा ने फूँका गहलौत का पुतला
मेरठ। राजस्थान के राजनीति उठापटक के बाद युवा नेता सचिन पायलट को कांग्रेस से निष्कासन और उपमुख्यमंत्री पद से हटाने पर गुर्जर महासभा में उबाल है। आक्रोशित कार्यकताओं ने बुधवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने राजस्थान प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री का कमिश्नरी चौराहे पर पुतला फूंका।
अखिल भारतीय गुर्जर विकास मंच के युवा मोर्चा के कार्यकताओं का कहना था कि राजस्थान कांग्रेस लगातार युवा नेताओं का शोषण कर रही है, जिस कारण पूरे देश के युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। अगर ऐसा ही होता रहा तो भविष्य की राजनीति में युवाओं का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सचिन पायलट के साथ है और उन्हें मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता है। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी चौराहे पर जमकर नारेबाजी करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस खड़ी देखती रह गई। गुर्जर समाज के युवाओं का कहना था कि कांग्रेस लगातार पार्टी के युवा नेताओं का अपमान कर रही है। अगर कांग्रेस ने युवा नेता सचिन पायलट का निष्कासन वापस नहीं लिया तो गुर्जर महासभा पूरी कांग्रेस पार्टी का बहिष्कार करेंगा। पुतला फूंकने वालों में कर्मवीर गुमी, जगदीश पूठा, कृष्ण पाल गुर्जर, अमित भड़ाना, देवेश राणा, प्रदीप कसाना, अश्वनी गुर्जर, सम्राट मलिक, नकुल स्याल, मनीष शोभापुर आदि शामिल रहे।

