हफ्ते में 5 दिन खुलेंगे सम्पूर्ण बाजार
मेरठ। लोकडाउन को लेकर जिलाधिकारी ने व्यापारियों को राहत प्रदान करते हुए नए आदेश जारी कर दिए है,जिसके तहत अब हफ्ते में पांच दिन दोनों तरफ के बाजार खुलेंगे। जिलाधिकारी के इस आदेश से व्यापारियों में हर्ष का माहौल है और उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताया है। बुधवार को नया आदेश जारी करते हुए डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि बाजार सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक खुलेंगे।
इसके अलावा शुक्रवार की रात 10 बजे से सोमवार की सुबह 5 बजे तक मिनी लॉकडाउन जारी रहेगा। जबकि प्रत्येक दिन रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू भी पहले की भांति जारी रहेगा।बता दें कि मेरठ के अनलाक होने के बाद से ही व्यापारी दोनों तरफ के बाजार खोलने की मांग डीएम से कर रहे थे। इसको लेकर कई बार व्यापारिक संगठन भी जिलाधिकारी से लेकर कमिश्नर तक से मिल चुके थे। भाजपा जनप्रतिनिधियों ने भी व्यापारियों का सहयोग करते हुए बाजार को पूरा खोलने की मांग प्रशासन से की थी, लेकिन डीएम अनिल ढींगरा इस पक्ष में नहीं थे कि दोनों तरफ के बाजार प्रतिदिन खुलें।
लेकिन बुधवार को हुई प्रशासन की बैठक के बाद निर्णय लिया गया और डीएम ने दोनों तरफ के बाजारों को खोलने की अनुमति व्यापारियों को प्रदान कर दी। वहीं साप्ताहिक बंदी का दिन भी शनिवार और रविवार में ही समाहित करने की बात कही गई है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि कोविड—19 महामारी अधिनियम के तहत जो भी जरूरी सावधानियां है उन सब का पालन दुकानदारों को करना होगा। अगर किसी दुकान दार ने नियमों का पालन नहीं किया तो उसका चालान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बेवजह बाजारों में भीड़ न बढाए और जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकले।

