चेन्नई। विश्वनाथन आनंद ने लगातार हार के क्रम को तोड़ते हुए सातवें दौर में इस्राइल के बोरिस गेलफांड को 2.5-0.5 से हराकर लीजेंड्स ऑनलाइन शतरंज टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की. आनंद लगातार छह हार के बाद अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी के सामने थे.
यह भारतीय सोमवार की रात को शुरुआत में अच्छी स्थिति का फायदा नहीं उठाने के बावजूद टूर्नामेंट में अपनी पहली बाजी जीतने में सफल रहा. उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए 45 चाल में जीत दर्ज की और दूसरी बाजी में भी अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखकर 49 चाल में उसे अपने नाम किया.
आनंद ने इसके बाद 2012 की विश्व चैंपियनशिप के अपने चैलेंजर के खिलाफ तीसरी बाजी ड्रॉ खेली जो 46 चाल तक चली. इस जीत से आनंद छह अंक के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गए. विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन ने पीटर स्विडलर को 2.5-1.5 से हराकर अपनी बढ़त मजबूत कर दी.

