Diwali holiday in USA: अब भारत की तरह ही अमेरिका में दीवाली पर सरकारी छुट्टी होगी। इसके लिए न्यूयॉर्क असेंबली में कानून बनाया जाएगा। न्यूयॉर्क असेंबली में दीवाली के अलावा लूनर न्यू ईयर पर सरकारी छुट्टी के लिए सत्र के खत्म होने से पहले प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना है। इस फैसले का स्कूलों के कैलेंडर पर फर्क पड़ेगा इसको लेकर विचार विमर्श हो रहा है।
मौजूदा विधानसभा सत्र में मिलेगी मंजूरी
न्यूयॉर्क असेंबली के स्पीकर कार्ल हेस्टी ने एक बयान जारी कर पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क के समृद्ध और विविधता वाली संस्कृति को पहचान देने के लिए ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि असेंबली में लूनर न्यू ईयर और दिवाली पर छुट्टी देने के लिए सत्र खत्म होने से पहले प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी।
अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों का प्रभाव इसका कारण बताया जा रहा है। यहीं कारण है कि अब अमेरिका में दिवाली पर सरकारी छुट्टी हुआ करेगी। इसे लेकर न्यूयॉर्क विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया गया है। जिसके पास होने के बाद दिवाली पर सरकारी छुट्टी का रास्ता साफ होगा। दिवाली के साथ इस प्रस्ताव में न्यूयॉर्क में लूनर न्यू ईयर पर सरकारी छुट्टी देने का भी प्रावधान किया जा रहा है।
भारतीय समुदाय के लोगों को मिलेगा लाभ
न्यूयॉर्क असेंबली का सत्र 8 जून तक होगा। माना जा रहा है कि सत्र समाप्ति तक दीवाली अवकाश के प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। इस प्रस्ताव को दिवाली डे एक्ट नाम दिया जाएगा।
स्कूलों में छुट्टी की तैयारी
न्यूयॉर्क असेंबली की सदस्य जेनिफर राजकुमार और सीनेटर जोए अद्दाबो ने मांग उठाई है कि दिवाली पर न्यूयॉर्क सिटी के स्कूलों में अवकाश किया जाए। न्यूयॉर्क स्टेट काउंसिल के सदस्य शेखर कृष्णन और काउंसिल वुमन लिंडा ली ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बता दें कि लंबे समय से दिवाली पर सरकारी छुट्टी की मांग हो रही है। जो जल्द पूरी होने जा रही है। अमेरिका के पेंसिल्वेनिया प्रांत में पहले से छुट्टी देने का कानून बना है।

