धधकती चिताओं में स्वाहा होती छवि…

आर्टिकल/इंटरव्यूधधकती चिताओं में स्वाहा होती छवि…

Date:


धधकती चिताओं में स्वाहा होती छवि…

सुनील शर्मा

कुछ साल पहले नरेन्द्र मोदी देश में नायक की तरह सामने आये। भाजपा और अंदरूनी तौर पर आरएसएस ने उनकी छवि भारत को विश्व गुरू बनाने में समर्थ नेता की बनायी। इसका लाभ भाजपा को मिला और लगातार दो बार नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। लोगों का पीएम मोदी पर अटूट विश्वास कायम रहा और जीएसटी से लेकर नोटबंदी तक के अनेक फैसलों को उन्होंने सिर माथे लिया। कोरोना की पहली लहर में भी देशवासियों ने पीएम मोदी के कहने पर दीया जलाने से लेकर ताली-थाली बजाने का काम भी उत्साहपूर्वक किया। मगर कोरोना की दूसरी लहर को रोकने में नाकाम केंद्र सरकार संक्रमण पीड़ितों को आवश्यक स्वास्थ सेवाएं उपलब्ध कराने में भी असफल रही। नतीजा आज सबके सामने है। देश के हर राज्य, हर जिले में हाहाकार मचा हुआ है, कोई घर ऐसा होगा जिसने किसी अपने को न खोया हो। अस्पतालों के बाहर तड़प-तड़प कर मरते मरीज, उखड़ती सांसो को थामने के लिये आॅक्सीजन सिलेंडर के लिये भटकते लोग, जीवनरक्षक दवाओं-इंजेक्शनों की कालाबाजारी, निजी अस्पतालों की मनमानी देशवासियों ने देखी है। इस महामारी में अब तक असफल साबित हुई सरकार की छवि भी धधकती चिताओं में स्वाहा होती जा रही है।

हाल ही में पीएम मोदी ने राज्यों के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कोरोना टीकाकरण को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सशक्त हथियार बताया है। पीएम मोदी कई मौकों पर देश की जनता से कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील भी करते रहे हैं। मगर हकीकत यह है कि अब तब देश में 18 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गयी है। यह आंकड़ा देश की आबादी का मात्र तीन प्रतिशत है। आज लोग वैक्सीन लगवाना चाहते हैं मगर सेंटरों से वैक्सीन खत्म होती जा रही है। पहली डोज की तो बात छोड़िये दूसरी डोज लगवाने के लिये भी लोगों को भटकना पड़ रहा है। इन हालातों को देखते हुए देश की आबादी का टीकाकरण करने में कई साल लग सकते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने भी वैक्सीन की कमी पर सरकार से कहा था, जब आपके पास पर्याप्त मात्रा में कोरोना वैक्सीन उपलब्ध नहीं है तो आप कब तक इस काॅलर ट्यून के संदेश के जरिए लोगों को परेशान करेंगे। फोन करने पर चिढ़ पैदा करने वाली ट्यून सुनाई पड़ती है कि वैक्सीन लगवाइए, कौन लगाएगा वैक्सीन, जब ये है ही नहीं।

हाल ही में कोरोना वैक्सीन दूसरे देशों को भेजने के विरोध में लगाये गये पोस्टरों के मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। कांगेस के राहुल गांधी ने पोस्टर को अपनी वाॅल पर पोस्ट किया तो पार्टी ने अभियान छेड़कर केंद्र सरकार को घेर लिया। राजनीति से इतर, कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिये भटकते लोगों के मन में भी यही सवाल है। लोगों का कहना है कि दूसरे देशों को वैक्सीन दिये जाने से पहले अपने देश की जनता को वैक्सीन लगवाई जाती तो कोरोना की दूसरी लहर में इतनी जाने नहीं जाती।

अब तक पीएम मोदी को नायक के रूप में देखने वाली जनता के मन में बसी छवि कोरोना संक्रमितों की धधकती चिताओ की आग में स्वाहा हो रही है। कोरोना संक्रमण से किसी अपने की जान जाते देखने वाली जनता इन हालातों के लिये केंद्र सरकार को जिम्मेदार मान रही है। जनता के मन में एक छवि यह बन रही है कि केंद्र सरकार ने पांच राज्यो में चुनाव करा कर कोरोना संक्रमण को फैलने का मौका दे दिया। वहीं कोरोना की दूसरी लहर आने की आशंका बीते साल के दिसंबर मे ही सामने आ जाने के बावजूद स्वास्थ सेवाओं को सृदृढ बनाने की बजाये पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा चुनाव लड़ने में जुटी थी। लोगों के लिये आॅक्सीजन का इंतजाम करने की बजाये सरकार अपने लिये राजनीतिक ऑक्सीजन जुटाने में लगी थी। सरकार का पक्ष और मजबूरियां कुछ और हो सकती है मगर कोरोना के कारण किसी अपने को खो देने वाले इसके लिये सरकार को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कोरोना मरीज को अस्पताल में भर्ती तक न करा पाने वाले और ऑक्सीजन न मिल पाने के कारण किसी अपने को तड़प-तड़प कर जान गंवाते हुए देखने वालो के मन मंे पीएम मोदी की नायक वाली छवि धूमिल हो रही है।

सार्वजनिक रूप से विरोध करने वालों के खिलाफ भाजपा सरकार कड़े कदम उठा सकती है, उन्हें जेल में भी डाल सकती है मगर इस अंदरूनी विरोध का मुकाबला कोई सरकार नहीं कर सकती। लोगों में मन में भाजपा के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है और इसकी बानगी हम हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुए पंचायत चुनाव में देख चुके हैं। अब तक अपनी छवि की बदौलत देश पर राज करने वाले पीएम मोदी को भी जनता की नाराजगी को ध्यान में रखते हुए कदम उठाने होंगे। अगर जनता का आक्रोश नहीं थमा तो आने वाले समय भाजपा के लिये परेशानी भरा हो सकता है।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related

प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्रता क्या है? कौन आवेदन कर सकता है?

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का लाभ लेने से पहले...

प्रधानमंत्री आवास योजना आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?

प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के लिए आवेदन करने के...

PoK में बढ़ते तनाव पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता, निष्पक्ष जांच और राजनीतिक बातचीत की अपील

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने पाकिस्तान...