BMC अधिकारियों से आज सुबह मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 74 लोग घायल हैं। बता दें कि सोमवार को मुंबई में आई धूल भरी आंधी और बेमौसम बारिश के दौरान घाटकोपर के एक पेट्रोल पंप पर 100 फुट लंबा अवैध बिलबोर्ड गिर गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह छेड़ा नगर स्थित पेट्रोल पंप पर खोज और बचाव अभियान अभी जारी है.
मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये का मुआवजा किया गया है. इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मुलुंड इलाके में अपना लोकसभा अभियान और सार्वजनिक बैठक रद्द कर दी है। वह जल्द ही घटना से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
फड़णवीस ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री ने बीएमसी को भविष्य में इसी तरह की घटनाओं को रोकने के लिए मुंबई में सभी होर्डिंग्स का गहन ऑडिट करने का निर्देश दिया है। किसी भी लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिलेगी ।
डिप्टी सीएम ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर भी स्थिति की जानकारी दी और कहा कि मामले की “उच्च-स्तरीय” जांच होगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक होर्डिंग का स्वीकार्य आकार 40 गुणा 40 है, लेकिन जो लोहे का होर्डिंग ढहा, उसका आकार 120 गुणा 120 था। इसके अलावा, रिपोर्ट में कहा गया कि होर्डिंग अवैध था और रेलवे की जमीन पर रखा गया था। नगर निकाय ने यह भी कहा कि वह अवैध होर्डिंग के लिए मध्य रेलवे और विज्ञापन एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि विज्ञापन एजेंसी की पहचान ईगो मीडिया के रूप में की गई है, जिस पर बीएमसी ने 6.13 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।

