ऋषिकेश। चार धाम यात्रा में इस समय श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। अभी यात्रा शुरू हुए एक महीना भी नहीं हुआ है और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश सरकार की सभी व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे नाकाफी साबित हो रही हैं। चार धाम के दर्शन के लिए ऋषिकेश पहुंच रहे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। आज बुधवार को तड़के तीन बजे से पंजीकरण केंद्र के बाहर श्रद्धालुओं की लाइनें लग गई। वहीं कुछ श्रद्धालुगण तो रात में लाइन में ही लगकर सो गए। आज चार धाम यात्रा के लिए केदारनाथ धाम के लिए 2100 और बदरीनाथ धाम के लिए 300 स्लाट श्रद्धालुओं केा उपलब्ध कराए गए। लेकिन इसके बाद भी हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं की भीड़ अपनी बारी का इंतजार कर रही है।
इस समय हालात ये हैं कि चारधाम यात्रा के संचालन केंद्र बस टर्मिनल ऋषिकेश में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के पुलिस को पसीना आ रहा है। आज बुधवार से यहां अतिरिक्त पुलिस तैनात किया गया। पंजीकरण काउंटर में लाइन के लिए मंगलवार की रात बैरिकेटिंग लगाई गई। इसके साथ श्रद्धालुओं के रहने और सोने के लिए अतिरिक्त टेंट की व्यवस्था की गई हैं। पंजीकरण कराने के लिए श्रद्धालुगण रात में यहां सो रहे हैं। तड़के तीन बजे से यहां लाइन लगनी शुरू हो जाती है। जबकि पंजीकरण खिड़की सुबह आठ बजे खुलती है। एसडीआरएफ की तरफ से आफलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि चार धाम दर्शन के लिए प्रतिदिन 2100 और बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए 300 श्रद्धालुओं का स्लाट एक दिन में दिया जा रहा है। सुबह के समय भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया है। जिसमें महिला उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबल की भी तैनाती की ग ई है।

