उत्तर प्रदेश में बरेली बीजेपी के एक नेता ने पार्टी से नाराज़गी जताते हुए इस्लाम धर्म अपनाने का ऐलान कर दिया है। भाजपा नेता ने ऑन कैमरा धमकी देते हुए कहा कि अगर पार्टी के बरेली सांसद ने उनकी मदद नहीं की तो वो 15 दिन में इस्लाम धर्म को अपना कर मुस्लमान बन जायेंगे। बीजेपी नेता के इस बयान के बाद राजनीतिक बवंडर खड़ा हो गया है.
दरअसल उत्तर प्रदेश के बरेली में रहने वाले भाजपा महानगर उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल का हथियार लाइसेंस बरेली के डीएम ने रद्द कर दिया है। इस मामले में जब उन्होंने बरेली सांसद संतोष गंगवार से मदद मांगी तो उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। ऐसे में नाराज़ होकर प्रदीप अग्रवाल ने इस्लाम धर्म अपनाने की धमकी दे डाली है।
प्रदीप अग्रवाल ने 15 दिन के अंदर धर्म परिवर्तन का एलान कर दिया। उनका कहना है कि वो जल्द ही हमेशा के लिए इस्लाम धर्म अपना लेंगे। प्रदीप अग्रवाल ने फेसबुक पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि पार्टी के सांसद और विधायकों ने मेरी कोई मदद नहीं की और न ही मेरा कोई मामला संज्ञान में लिया। इस घटना से उनका मन बहुत निराश है और मन में विचार आ रहा है कि क्यों ना हिन्दू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लूं।
मीडिया की ख़बरों के मुताबिक अप्रैल 2022 में बरेली के सुभाष नगर में एक सिपाही के बेटे के साथ प्रदीप का झगड़ा हो गया था। झगडे के दौरान प्रदीप अग्रवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। घटना में सिपाही का बेटा बुरी तरीके से घायल हो गया था, जिसके बाद मामले में कार्यवाई करते हुए बरेली के डीएम ने प्रदीप की पिस्टल का लाइसेंस कैंसिल कर दिया था।

