भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को बढ़त के बाद शुक्रवार को भी जबरदस्त तेजी के साथ खुला है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में ही बड़ी बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 374 अंक बढ़कर 72,425 अंक और निफ्टी 121 अंक बढाकर 22,032 अंक पर बना हुआ है। बैंक निफ्टी में दमदार तेजी देखी जा रही है और यह 184 अंक की बढ़त के साथ 46,411 अंक पर कारोबार कर रहा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 1608 शेयरों में तेजी के साथ और 332 शेयरों में लाल निशान में कारोबार हो रहा है। लार्ज कैप के साथ स्मॉल कैप और मिडकैप शेयरों में तेजी बनी हुई है। ऑटो, आईटी, पीएसयू, फिन सर्विस, फार्मा, एनर्जी, इन्फ्रा, मेटल और मीडिया शेयरों में उछाल के साथ कारोबार हो रहा है। एफएमसीजी और रियल्टी शेयर नीचे की तरफ नज़र आ रहे हैं।
सेंसेक्स पैक में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, इन्फोसिस, एचयूएल, एमएंडएम, विप्रो, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, जेएसडब्लू स्टील, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और रिलायंस के शेयरों में हरे निशान में कारोबार हो रहा है। वहीँ लाल निशान वाले शेयरों में पावर ग्रिड, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा, आईटीसी, एक्सिस बैंक,एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एचसीएल टेक शामिल हैं।
एशियाई बाजारों में टोक्यो, सिंगापुर, हांगकांग, सियोल, शंघाई और जकार्ता के बाजार हरे निशान में काम कर रहे हैं। अमेरिकी बाजारों में गुरुवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुए थे। कच्चे तेल में हल्की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। ब्रेंट क्रूड 82.80 डॉलर प्रति बैरल और डब्लूटीआई क्रूड 78.08 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

