अतीक अहमद और उसके गैंग पर हो रही चैतरफा कार्रवाई
100 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर हो चुकी है कार्रवाई
प्रयागराज। पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में अब तक 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति पर कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 65 करोड़ कीमत के 10 मकानों को कुर्क किया है।
अतीक अहमद की 16 संपत्तियों पर कुर्की का आदेश दिया गया है जिनमें सेे 6 पर अभी कार्रवाई होनी बाकी है। वहीं अतीक अहमद और उसके गैंग की 20 अवैध संपत्ति चिह्नित किया जा चुका है। 3 संपत्ति को प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने बुलडोजर चलवा कर जमींदोज करा दिया।
वहीं 30 लाइसेंसी असलहा भी जमा कराये जा चुके हैं। यह माना जा रहा है कि योगीराज में अब अतीक गैंग का पूरी तरह से सफाया करके ही दम लिया जायेगा।
प्रयागराज के चकिया निवासी और आईएएस 227 गैंग के सरगना अतीक अहमद का कुछ समय पहले तक बेखौफ राज चलता था।
उसके गुर्गे प्रदेश भर में आतंक फैलाये हुए थे। इन दिनों अहमदाबाद जेल में बंद अतीक अहमद अहमद के खिलाफ 85 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। बताया जाता है कि अपनी दहशत को चारो ओर फैलाने के लिये अतीक अहमद ने एक बड़ा गैंग बना लिया था जिसमें 120 से अधिक सक्रिय बदमाशों को जोड़ा गया था।
उसके खौफ के चलते पुलिस-प्रशासन भी लाचार हो गया था। मगर उत्तर प्रदेश में योगीराज आते ही अतीक अहमद और उसके गैंग पर खतरा मंडराने लगा था। शासन का आदेश हुआ तो पुलिस, प्रशासन और प्राधिकरण ने अतीक अहमद पर कानून का शिकंजा कस दिया।
उसको गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद उसकी अवैध और बेनामी संपत्तियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गयी। अब तक 65 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। कई अन्य संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई लंबित है।
अतीक के परिवार और गुर्गों पर भी की जा रही कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने अतीक के परिवार और उसके गुर्गों पर कार्रवाई करते हुए इस गैंग का समूल नाश करने की ठान ली है। अतीक अहमद का छोटा भाई पूर्व विधायक अशरफ तीन साल से फरार था और उसपर एक लाख का ईनाम भी घोषित किया गया था। उसे क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं अतीक के बड़े बेटे मोहम्मद उमर पर दो लाख रुपये का इनाम है उसे सीबीआई ने देवरिया जेल कांड में वांटेड किया है। वहीं देवरिया जेलकांड में फरार अतीक के साढू इमरान पर 25000 का इनाम रखा गया है। पुलिस ने अतीक अहमद और उसके परिजनों के नाम से बने 9 लाइसेंसी असलहों की रिपोर्ट डीएम को भेजकर लाइसेंस निरस्त कराया है। अब तक पुलिस ने गैंग के सदस्यों के तीन दर्जन से अधिक असलहों का लाइसेंस निरस्त करा कर असलहा थानों में जमा करा चुकी है।

