उम्मीद के मुताबिक एशिया कप के ग्रुप में टीम इंडिया ने हांगकांग को 40 रनों के बड़े अंतर से हराकर सुपर 4 में पहुँचने वाली दूसरी टीम बन गयी. भारत ने हांगकांग को 193 रनों का लक्ष्य दिया जिसका पीछा करते हुए हांगकांग के बल्लेबाज़ 152 रनों तक पहुँच पाए. बेशक यह इंडिया की बड़ी जीत है लेकिन हांगकांग के बल्लेबाज़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनमें भी दम है. मैच का सबसे प्लस पॉइंट विराट कोहली का पचासा माना जायेगा, हालाँकि बल्लेबाज़ी तूफ़ान तो सूर्यकुमार ने मचाया था. दरअसल टीम को कोहली के इस पचास की बहुत ज़रुरत थी जो उनके बल्ले से काफी महीनों बाद आया है.
भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 2 विकेट के नुक्सान पर 192 रन बनाये। सलामी बल्लेबाज़ों की जोड़ी रोहित और राहुल एकबार फिर अपने नाम के अनुरूप बल्लेबाज़ी नहीं कर पायी। रोहित शर्मा फिर वही गलती दोहराई जो उन्होंने पिछले मैच में की थी, एक छक्का लगाने के बाद फिर छक्के की कोशिश बेहद गन्दा शॉट खेलकर वह 21 रन बनाकर आउट हो गए. के एल राहुल इस मैच भी संघर्ष करते हुए नज़र आये हालाँकि उन्होंने 36 रन बनाये लेकिन उसके लिए उन्हें 39 गेंदे खेलनी पड़ीं. 13 ओवर में भारत के 94 रनों बने थे और दो विकेट आउट हुए थे, इसके बाद के 7 ओवरों में कोहली और सूर्या कुमार ने 95 रनों का इज़ाफ़ा किया और यह संभव हुआ सूर्यकुमार की बल्लेबाज़ी की बदौलत जिन्होंने मैदान के चारों और चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी. सूर्या ने 26 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली और इसमें से 60 रन तो सिर्फ चौकों और छक्कों से बने. सूर्या ने 6 छक्के और इतने ही चौके लगाए। वहीँ कोहली भी शुरू में थोड़ा लड़खड़ाने के बाद अपने रंग में नज़र आये और 44 गेंदों पर 59 रनों की एक बढ़िया पारी खेली, जिसमें तीन छक्के भी शामिल थे. हांगकांग के स्पिनर्स ने काफी अच्छी गेंदबाज़ी की लेकिन पेसर्स ने खूब रन लुटाये।
Read also: एशिया कप: सुपर 4 में पहुंचा अफ़ग़ानिस्तान
जवाब में हांगकांग की शुरुआत खराब रही, उनका पहला विकेट 12 रनों पर गिर गया लेकिन बाद में उनके बल्लेबाज़ों काफी अच्छी बल्लेबाज़ी का मुज़ाहेरा किया, हालाँकि उनके लिए लक्ष्य काफी बड़ा था लेकिन वह अपनी मौजूदगी लगातार साबित कर रहे थे. हांगकांग की टीम पांच विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी लेकिन भारतीय गेंदबाज़ी के सामने 152 रन बनाना भी बड़ी बात कही जाएगी. इतने रन तो पाकिस्तान की टीम भी नहीं बना सकी थी. हांगकांग के लिए उनके सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ बाबर हयात ने सर्वाधिक 41 रनों की पारी खेलकर सबको प्रभावित किया। किंचित शाह ने 36 और ज़ीशान अली ने 26 रनों की प्रभावी पारियां खेलीं। भारत की ओर से आवेश और अर्शदीप ने खूब रन लुटाये। कुल मिलकर कहा जा सकता है कि भारत में मैच जीता और हांगकांग ने दिल.

