नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच अहमदाबाद के मैदान पर पिंक बॉल से खेला गया । इस मैच के बाद से ही लगातार मोटेरा स्टेडियम की पिच विवादों में बनी हुई है।
पिच को लेकर अब तक पूर्व क्रिकेटर्स ने जमकर आलोचना की है तो कई खिलाड़ियों ने इस पिच को बैड पिच की करार दिया है। हालांकि भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इसका बचाव भी किया है और पिच से ज्यादा खराब बल्लेबाजी को 2 दिन के अंदर मैच खत्म होने का कारण बताया है। हालांकि इसके बावजूद विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।
अब भारतीय टीम के मैच विनर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पिच को लेकर लगातार आलोचना कर रहे लोगों पर जमकर बरसे हैं और कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि लोग खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ज्यादा 22 गज की पिच के बारे में ज्यादा बात कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रविचंद्रन अश्विन ने इस मैच में इतिहास रचते हुए करियर का 400वां टेस्ट विकेट हासिल करने का कारनामा किया।
अश्विन ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा,’ मुझे हंसी आती है जब कोई मैच में प्रदर्शन के बजाय पिच पर इतनी बात करता है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि लोग इस बारे में इतनी बातें क्यों कर रहे हैं, क्या ऐसा ही होता है जब हम विदेशी दौरे पर खेलने जाते हैं। जब हम न्यूजीलैंड गये थे तो वहां पर दोनों टेस्ट पांच दिन के अंदर खत्म हो गये थे पर तब किसी ने पिच की बात नहीं की थी। विराट कोहली से जब साउथ अफ्रीका दौरे पर पिच को लेकर पूछा गया था तो उनका एक ही जवाब था कि मैं यहां खेलने के लिये हूं पिच पर बात करने के लिये नहीं। यह समझने की जरूरत है कि हम इसी तरह से खेलना सीखते हैं।’

