नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 4 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच डे-नाइट प्रारूप में खेला गया, जिसका आयोजन नरेंद्र मोटी स्टेडियम के मोटेरा मैदान पर खेला गया। भारत ने इस मैच को 10 विकेट से जीत लिया लेकिन स्पिन गेंदबाजों के दबदबे के चलते मैच 2 दिन में ही खत्म हो गया जिसके बाद से मोटेरा की पिच को लेकर विवाद छिड़ गया है। कई दिग्गज खिलाड़ी पिच को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी कर चुके हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने इस बात की पुष्टि की है कि सीरीज के आखिरी मैच में बैटिंग फ्रैंडली पिच मिलने की संभावना है जिसका मतलब है कि मोटेरा के मैदान पर विकेटों के बजाय रनों की बारिश देखने को मिलेगी।
गौरतलब है कि बीसीसीआई का मानना है कि टीम मैनेजमेंट भी यह बात जानता है कि धूल से भरी पिच नये स्टेडियम के लिये अच्छी नहीं होगी खासतौर से तब जब उसे आईपीएल और आईसीसी टी20 मैचों की मेजबानी के तौर पर देखा जा रहा हो।
बीसीसीआई अधिकारी ने कहा,’अगर एक ही जगह पर दो मैच होते हैं तो आप को दो अलग नतीजे नहीं मिल सकते। आखिरी टेस्ट मैच होने दीजिये जिसके बाद ही मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ अपनी रिपोर्ट आईसीसी को सौंपेंगे और उसके बाद ही फैसला होगा। वहीं इंग्लैंड की टीम ने भी कोई आधिकारिक शिकायत नहीं कराई है।’

