Ukraine Russia War: अमेरिका ने यूक्रेन को तीन हजार करोड़ रुपए की सैन्य मदद भेजी है। ये जानकारी अमेरिका विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में दी है। जिसमें उन्होंने कहा कि सहायता पैकेज से यूक्रेन की सेना को युद्ध क्षेत्र में मजबूती मिलेगी। इससे यूक्रेन अपने स्वायत्त क्षेत्र को वापस पाने में और सक्षम होगा।
रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन को अमेरिकी सहायता मिलना जारी है। बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन के लिए 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 3000 करोड़ रुपए) की अतिरिक्त सैन्य सहायता भेजी है। इसके जरिए यूक्रेन को रूस से युद्ध के लिए आधुनिक हथियार मिलेंगे। जिनमें एयर डिफेंस सिस्टम, तोप और बख्तरबंद गाड़ियों के लिए गोला-बारूद भी शामिल हैं।
राष्ट्रपति बाइडन की मंजूरी
अमेरिका विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति बाइडन की मंजूरी के बाद वो यूक्रेन के लिए 43वीं सैन्य मदद की राशि जारी कर रहे हैं। इस सैन्य सहायता पैकेज से यूक्रेन की सेना को युद्ध में मजबूती मिलेगी। ब्लिंकन ने कहा, यूक्रेन से सेना वापस बुलाकर और यूक्रेनी शहरों-नागरिकों पर हमलों को रोककर रूस युद्ध को खत्म कर सकता है। लेकिन जब तक ये नहीं होता, तब तक अमेरिका और उतनी देर तक यूक्रेन के साथ खड़ा रहेगा।
गौरतलब है कि जून 2023 में अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 50 करोड़ डॉलर का सैन्य पैकेज जारी किया था। जिसका मकसद यूक्रेन को सुरक्षा और रक्षात्मक तौर पर तैयार करना था। इन दोनों पैकेज के माध्यम से अमेरिका अब रूस के खिलाफ यूक्रेन की पलटवार क्षमताओं को बढ़ाने की कोशिश में है।

