मेरठ। केंद्र सरकार की सेना में भर्ती योजना अग्निपथ और बेरोजगारी के विरोध में अब राष्ट्रीय लोकदल मैदान में आ गई है। रालोद अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में युवा पंचायत की शुरूआत करेगी। रालोद ने जिला स्तर पर होने वाली इन युवा पंचायतों का कार्यक्रम जारी किया है। रालोद की इस युवा पंचायतों में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाएगा। इसकी घोषणा आज रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की युवा विरोधी नीति के खिलाफ अब रालोद युवाओं की महापंचायत करेगा। रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह इस युवा पंचायत की शुरुआत 28 जून को पश्चिमी उप्र के शामली जिले से करेंगे। इसके बाद एक जुलाई को मथुरा में युवा पंचायत होगी।
Read also: Agneepath Protest Impact: सात राज्यों तक फैली “अग्निपथ” की आग
मुजफ्फरनगर में तीन जुलाई को युवाओं की पंचायत बुलाई गई है। चार जुलाई को यह बिजनौर में होगी, छह जुलाई को बुलंदशहर और आठ जुलाई को जिला अमरोहा में। उसके बाद नौ जुलाई को मुरादाबाद में। 11 जुलाई को अलीगढ़ में रालोद युवा पंचायत करेगी। 12 जुलाई को आगरा और 14 जुलाई को गाजियाबाद में पंचायत रखी गई है। 16 जुलाई को यह युवा पंचायत रालोद के गढ़ बागपत में होगी। इस तरह से केंद्र सरकार की इस योजना के खिलाफ रालोद 19 दिनों में 11 युवा पंचायत करेगी। इससे आगे के आंदोलन की रणनीति बागपत की युवा पंचायत में तय की जाएगी।

