नई दिल्ली। केंद्र ने जम्मू-कश्मीर में कट्टरपंथी ताकतों के मजबूत होने की वजह से आतंकवादी घटनाओं के बढ़ने के संकेत दिए हैं। खुफिया रिपोर्ट्स में दावा किया है कि केंद्र शासित प्रदेश में लोगों की सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री के 1800 जवानों की तैनाती की जाएगी। अब गृह मंत्रालय ने इस्लामिक स्टेट के जम्मू-कश्मीर में सक्रिय होने के खतरे को देख श्रीनगर के अबू उस्मान उर्फ एक अहमद अहंगर को आतंकी घोषित कर दिया है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी किए नोटिफिकेशन के अनुसार, अहमद उर्फ अबु उस्मान अल-कश्मीरी को यूएपीए कानून, 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया है। श्रीनगर का रहने वाला अबु फिलहाल अफगानिस्तान में है और वह जम्मू-कश्मीर में इस्लामिक स्टेट के लिए आतंकियों की भर्ती कर रहा है।
श्रीनगर में 1974 में जन्मे अहंगर के अलकायदा और अन्य आतंकी संगठनों से करीबी रिश्ते हैं। वह फिलहाल भारत में इस्लामिक स्टेट के लिए भर्तियों का काम कर रहा है। जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, अहंगर कश्मीर में आतंकवाद की गतिविधियों को बढ़ावा देने में जुटा है। इसके लिए उसने अपने कश्मीर नेटवर्क से लोगों की पहचान शुरू कर दी है।

