भारत सरकार ने 2021 के लिए पद्म पुरस्कार से सम्मानित होने वाले लोगों की सूची जारी की है और तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और हिंदी फिल्मों की मशहूर सिंगर के एस चित्रा को संगीत के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए भारत सरकार ने पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया है।
के एस चित्रा के हिंदी फिल्मी गानों की शुरूआत 1985 में हुई थी लेकिन उनका पहला हिंदी गाना कभी रिलीज़ ही नहीं हुआ। लेकिन उन्होंने चार्टबस्टर शुरूआत की 1991 में सलमान खान – रेवती स्टारर फिल्म लव का गाना साथिया तूने क्या किया गाकर।
साथिया तूने क्या किया में रेवती की आवाज़ बनीं केएस चित्रा वहीं सलमान खान की आवाज़ बने एस पी बालासुब्रमण्यम। इसके बाद चित्रा ने हिंदी सिनेमा में भी कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज़ दी।
केवल फिल्मी म्यूज़िक ही नहीं, उस्ताद सुलतान खान के साथ उनका एलबम पिया बसंती बेहद सफल रहा और इसका टाईटल सॉन्ग संगीतप्रेमियों की दिलों की धड़कन है।

