ट्रैक्टर मार्च निकालने को दिल्ली पहुंच रहे हैं किसान
दिल्ली से सटी सीमाओं पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
न्यूज डेस्क। कृषि कानूनों के विरोध में 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिये बड़ी संख्या में किसान दिल्ली पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद मंडल से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं। वहीं किसानों के ट्रैक्टर मार्च को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
हालांकि किसानों ने ट्रैक्टर मार्च शांतिपूर्वक निकालने का आश्वासन दिया है मगर पुलिस अपनी ओर से सुरक्षा को लेकर कोई ढील नहीं छोड़ना चाहती है। पुलिस ने दिल्ली से सटी सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है।
26 जनवरी को दिल्ली में किसानों के प्रस्तावित ट्रैक्टर मार्च में वेस्ट यूपी के किसान भी काफी संख्या में भागीदारी कर रहे हैं। वेस्ट यूपी से किसानों का दिल्ली जाने का सिलसिला रविवार से शुरू हो गया था। आज सोमवार सुबह से ही वेस्ट यूपी के किसानों ने दिल्ली की ओर कूच करना शुरू कर दिया था।

मेरठ, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद मंडल से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली की ओर निकल रहे हैं। किसान संगठनों की ओर से बताया गया कि मेरठ-सहारनपुर मंडल के जो किसान दिल्ली नहीं जा पाएंगे वो गांव और जिलों में ट्रैक्टर परेड करेंगे। वहीं दिल्ली की ओर जाने वाले किसानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगाह रखी जा रही है। वहीं मेरठ मंडल के कमिश्नर, एडीजी और आईजी बाॅर्डर पर डटे हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन ने 26 तक यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टरों के चढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस- प्रशासन द्वारा ट्रैक्टर मार्च में भाग न लेने के लिये किसानों को समझाने का प्रयास अवश्य किया जा रहा है मगर सड़कोे पर आ गये ट्रैक्टरों को रोका नहीं जा रहा।
वहीं किसान आंदोलन में राजनीतिक दल भी भागीदारी कर रहे हैं। खासकर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल इस मुद्दे पर किसानों के साथ खड़ा होकर जिलों में आंदोलन करने का ऐलान कर चुके हैं। कृषि कानूनों के विरोध में सबसे मेरठ मंडल, मुरादाबाद मंडल, सहारनपुर मंडल, बरेली मंडल से जहां किसान दिल्ली बार्डर पहुंच रहे हैं वहीं राजनीतिक दल जिलों में अपने स्तर पर प्रदर्शन कर किसानों का समर्थन करेंगे। वहीं उत्तराखंड से भी काफी संख्या में किसान दिल्ली में ट्रैक्टर मार्च में भाग लेंगे।

