एक्सप्रेस-वे पर मौत की नींद: तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटी, दरोगा-कैदी समेत 7 यात्रियों की जान गई

उत्तर प्रदेशएक्सप्रेस-वे पर मौत की नींद: तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटी, दरोगा-कैदी...

Date:

ड्राइवर को आई झपकी या तेज रफ्तार बनी काल? खिड़कियों से बाहर जा गिरे यात्री
उन्नाव हादसे के बाद चीख-पुकार, 25 घायल; कई की हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

उन्नाव। उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे मंगलवार सुबह उस वक्त दर्दनाक मंजर में बदल गया, जब दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार लोग खिड़कियों से बाहर जा गिरे। इस भीषण दुर्घटना में बिहार पुलिस के एक दरोगा और एक कैदी समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन-262 के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने से बस बेकाबू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ते ही बस डिवाइडर से टकराई और सड़क किनारे रेलिंग पर पलट गई। जोरदार टक्कर के कारण कई यात्री सीटों से उछलकर नीचे जा गिरे। एक यात्री का पैर तक कटकर अलग हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस के अंदर फंसे लोग मदद के लिए चीखते रहे, जबकि कई यात्री शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में राहत-बचाव टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां कई लोग दर्द से कराहते नजर आए।

डॉक्टरों ने छह यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य घायल ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम और कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी पर ले गई थी और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।

घायल यात्रियों ने बताया कि अधिकांश लोग नींद में थे। अचानक तेज धमाके और झटके से सभी की नींद खुली। देखते ही देखते बस पलटी हुई थी और चारों तरफ चीख-पुकार मची थी। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related