पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए राहत की एक बड़ी खबर है। हाल ही में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लेने के लिए आईसीसी का एक पैनल पाकिस्तान पहुंचा और उसने तैयारियों पर संतोष जताया है और इसी बात से अब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम इंडिया भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जा सकती है। हालांकि अंतिम फैसला भारत सरकार द्वारा लिया जाएगा।
आईसीसी के एक पैनल ने पाकिस्तान का दौरा कर इस टूर्नामेंट की तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लिया था। इस पैनल ने मैच वेन्यूज और खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटलों की विस्तृत जांच की थी। खिलाड़ियों को स्टेडियम तक लाने और ले जाने की व्यवस्था पर भी पूरी तरह जानकारी हासिल की थी। इसके बाद पैनल ने वापस आकर पीसीबी द्वारा की गई तैयारियों को संतोषजनक बताया। आईसीसी पैनल की इस रिपोर्ट के बाद अब ये तो पूरी तरह साफ़ हो गया है कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 का आयोजन पाकिस्तान में ही होगा। पहले इस बात की चर्चा थी कि पाकिस्तान में सुरक्षा और राजनीतिक अस्थिरता के कारण इस टूर्नामेंट किसी और देश में शिफ्ट किया जा सकता है या फिर हाइब्रिड मॉडल पर इसका आयोजन हो सकता है।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 की तैयारियों को हरी झंडी मिलने के बाद कहा जा रहा है कि भारतीय टीम भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जा सकती है। हालाँकि सभी जानते हैं कि इसका फैसला BCCI को नहीं बल्कि केंद्र सरकार को करना है. चूँकि आईसीसी पैनल ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से बातचीत में हाइब्रिड मॉडल पर चर्चा नहीं की है, इसलिए कहा जा रहा है कि टीम इंडिया पाकिस्तान जा सकती है। भारतीय क्रिकेट टीम अब भी सुरक्षा के मुद्दे पर पाकिस्तान जाने से मना कर सकती है। यहाँ ध्यान देने वाली बात ये है कि जब आईसीसी पैनल ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर अपनी मुहर लगा दी है तो फिर BCCI सुरक्षा की बात कैसे कर सकती है। इन सारी परिस्थितियों में भारतीय टीम का पाकिस्तान जाना अब तय माना रहा है, अगर ऐसा नहीं होता है तो उसे टूर्नामेंट छोड़ना पड़ेगा क्योंकि अब ये तो तय हो गया है कि चैंपियंस ट्रॉफी हाइब्रिड मॉडल पर तो नहीं खेली जाएगी।

